मंगलवार को भी दिनभर राजधानी में बादलों की आवाजाही रही और कुछेक जगहों पर छिटपुट बरसात भी हुई। हल्की बारिश ने मौसम सुहाना कर दिया। तापमान में भी काफी गिरावट दर्ज की गई। हालांकि, मौसम विभाग ने 26 सितंबर तक उत्तर प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी जिलों में हल्की और तेज बारसात उम्मीद जताई है। कुछ जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश के लिए येलो अलर्ट भी जारी किया गया है।
मौसम विज्ञान विभाग के निदेशक जेपी गुप्ता के अनुसार, वर्तमान में मानसून की ट्रफ लाइन उत्तर प्रदेश से गुजरते हुए झारखंड, बिहार से उत्तर पश्चिम बंगाल की खाड़ी की ओर है। इसके चलते उत्तर प्रदेश के मध्य और दक्षिण जिलों में मध्यम बरसात हो सकती है। हवा में कम दबाव के क्षेत्र के उत्पन्न होने के बाद बारिश होती है। इसे ट्रफ लाइन कहा जाता है।
बुधवार को मध्य प्रदेश से सटे जिलों में भारी बारिश के लिए येलो अलर्ट जारी की गई है। इसमें मिर्जापुर, वाराणसी, भदोही, प्रयागराज, कौशांबी, चित्रकूट, आजमगढ़, बांदा, फतेहपुर, हमीरपुर, महोबा शामिल है। इसके अलावा कई अन्य जिलों में भी गरज चमक के साथ बारिश की चेतावनी है। येलो अलर्ट के तहत बारिश के प्रति सचेत रहने की आवश्यकता है
मंगलवार को राजधानी समेत प्रदेश भर में बादलों की आवाजाही और छिटपुट बरसात के चलते तापमान में गिरावट रही अधिकतम तापमान शाहजहांपुर और हरदोई में 34.5 फतेहगढ़ में 34.3 और हमीरपुर में 34.2 डिग्री सेल्सियस पर दर्ज किया गया। प्रदेश में न्यूनतम तापमान फतेहपुर और चुर्क में 22.6 डिग्री सेल्सियस और इटावा में 22.8 डिग्री सेल्सियस पर दर्ज हुआ।
बुधवार को लखनऊ में बादलों की आवाजाही रहेगी छिटपुट बरसात हो सकती है। अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। पूर्वी उत्तर प्रदेश के अधिकतर जिलों और कुछ पश्चिमी उत्तर प्रदेश में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है।