आज की बड़ी खबरें – Hind24TV | 7 नवंबर 2025
लखनऊ चिड़ियाघर में हिरण चोरी की कोशिश नाकाम, एक आरोपी गिरफ्तार
लखनऊ में स्थित चिड़ियाघर में गुरुवार रात एक बड़ा मामला सामने आया, जहां चार युवकों ने हिरण के बच्चे को चोरी करने की कोशिश की।
जानकारी के अनुसार, आरोपी पेड़ की डाल और रस्सी की मदद से दीवार फांदकर डियर सफारी में घुसे और हिरण को पकड़ने का प्रयास करने लगे।
कीपर की सतर्कता से उनकी योजना विफल हो गई।
कीपर ने शोर मचाया, जिसके बाद सभी आरोपी भाग निकले।
पुलिस ने एक आरोपी राजेश को गिरफ्तार कर लिया है जबकि चार अज्ञात आरोपी अभी भी फरार हैं।
इंस्पेक्टर हजरतगंज विक्रम सिंह की टीम मामले की जांच में जुटी है।
रायबरेली : दिल्ली के पूर्व मंत्री सोमनाथ भारती फरार घोषित
रायबरेली के एमपी-एमएलए कोर्ट ने दिल्ली के पूर्व मंत्री सोमनाथ भारती को फरार घोषित किया है।
गैर ज़मानती वारंट जारी होने के बावजूद वे कोर्ट में पेश नहीं हुए।
यह मामला 11 जनवरी 2021 को रायबरेली शहर कोतवाली में दर्ज हुआ था, जिसमें भारती पर तत्कालीन कोतवाल अतुल सिंह को धमकाने और अमर्यादित भाषा प्रयोग करने का आरोप है।
जज विवेक कुमार ने उनके खिलाफ वारंट जारी किया था।
कोर्ट की कार्रवाई के बाद पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।
हापुड़ : बुखार से महिला की मौत, परिवार में शोक
गढ़ कोतवाली क्षेत्र के खिलवाई गांव में महिला बबीता की इलाज के दौरान मौत हो गई।
परिजनों का कहना है कि बबीता को तेज बुखार था और अस्पताल में भर्ती कराने के बावजूद हालत बिगड़ती चली गई।
इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
मृतका के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
अम्बेडकरनगर : महिला की पिटाई का वीडियो वायरल, जमीनी विवाद बना वजह
अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र में एक महिला की पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वीडियो में कुछ महिलाएं एक महिला को बेरहमी से पीटती नजर आ रही हैं।
सूत्रों के अनुसार, यह विवाद जमीन के झगड़े से जुड़ा हुआ है।
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
रायबरेली : डॉक्टर को जान से मारने की धमकी, ऑडियो वायरल
रायबरेली के नेहरू नगर स्थित क्लिनिक में दंत चिकित्सक डॉ. त्रयमविकेश मिश्रा को एक युवक ने फोन और मौके पर पहुंचकर जान से मारने की धमकी दी।
जानकारी के अनुसार, यह विवाद दांत के इलाज को लेकर हुआ था।
डॉक्टर ने पुलिस को लिखित तहरीर दी है और धमकी की बातचीत का ऑडियो भी वायरल हो गया है।
पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
अमेठी : ट्रक और पिकअप की टक्कर, तीन लोग गंभीर घायल
अमेठी के जायस कोतवाली क्षेत्र में एक तेज रफ्तार ट्रक और पिकअप की आमने-सामने भिड़ंत हो गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस ने दोनों वाहनों को हिरासत में लेकर जांच शुरू की है।
घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
वाराणसी : पीएम मोदी आज काशी पहुंचे, 7वीं वंदे भारत ट्रेन का शुभारंभ करेंगे
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शाम वाराणसी पहुंचेंगे।
वे अपने दो दिवसीय दौरे में पूर्वांचल को कई बड़ी सौगातें देंगे।
पीएम मोदी बनारस से खजुराहो के लिए 7वीं वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे और चार अन्य वंदे भारत ट्रेनें देश को समर्पित करेंगे।
बनारस स्टेशन को भव्य रूप से सजाया गया है।
प्रधानमंत्री भाजपा पदाधिकारियों के साथ बैठक भी करेंगे।
रायबरेली : पिकअप ने बाइक सवार दो युवकों को कुचला, चालक फरार
रायबरेली के मिल एरिया थाना क्षेत्र के पावर ग्रिड के पास एक तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी।
हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए जबकि चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।
दिल्ली : राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ के 150 वर्ष पूरे, तालकटोरा स्टेडियम में समारोह
देश के राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ के 150 वर्ष पूरे होने पर दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।
समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
सुबह 9:30 बजे से शुरू होने वाले इस समारोह में स्मारक डाक टिकट और सिक्का जारी किया जाएगा।
हापुड़ : पुलिस पर हमला, दो आरोपी अभी भी फरार
गढ़ कोतवाली क्षेत्र के मेला मार्ग में ट्रैक्टर-ट्रॉली निकालने के विवाद में कुछ लोगों ने पुलिस पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
हमले में पुलिस की वर्दी तक फाड़ दी गई।
पुलिस ने अब तक तीन लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो आरोपी अभी भी फरार हैं।
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।
कौशाम्बी : दुष्कर्म आरोपी शाहनूर आलम गिरफ्तार, मुठभेड़ में लगी गोली
कौशाम्बी के मंझनपुर क्षेत्र के कोर्रो गांव के पास पुलिस और आरोपी शाहनूर आलम के बीच मुठभेड़ हुई।
आरोपी ने पुलिस पर फायर किया, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी।
शाहनूर पर एक स्कूली छात्रा से दुष्कर्म का आरोप था।
घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कन्नौज : बाइक की टक्कर से वृद्ध महिला की मौत, आरोपी फरार
छिबरामऊ कोतवाली क्षेत्र में एक तेज रफ्तार बाइक ने सड़क पार कर रही वृद्ध महिला को टक्कर मार दी।
महिला गंभीर रूप से घायल हुईं और अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
हादसे के बाद बाइक सवार मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने अज्ञात बाइक सवार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।


