उगते सूर्य को अर्घ्य देकर व्रती महिलाओं ने तोड़ा व्रत, छठ महापर्व संपन्न
रिपोर्ट-दीपक शुक्ला
रामपुर — नगर पंचायत रामपुर क्षेत्र में छठ महापर्व मंगलवार की सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ हर्षोल्लास और श्रद्धा के वातावरण में संपन्न हुआ। व्रती महिलाओं ने पानी में खड़े होकर सूर्य देव को अर्घ्य अर्पित किया और संतान सुख, समृद्धि व दीर्घायु की कामना की। अर्घ्य देने के बाद व्रती महिलाओं ने जल ग्रहण कर व्रत का समापन किया।
छठ पूजा की परंपरा के अनुसार व्रती महिलाएं दो दिन पूर्व लौकी-भात का सेवन कर व्रत की शुरुआत करती हैं। उसके अगले दिन रोटी-खीर खाकर छठी मैया का आह्वान किया जाता है। तीसरे दिन यानी सोमवार को व्रती निर्जला उपवास रखती हैं और शाम को डूबते सूर्य को अर्घ्य देती हैं। अंतिम दिन मंगलवार की सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के बाद व्रत पूर्ण होता है।

नगर पंचायत रामपुर के पोखरे किनारे बने घाटों पर मंगलवार की सुबह श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में सुसज्जित होकर पूजा स्थल पर पहुंचीं। ढोल-नगाड़ों और छठ गीतों की गूंज से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। सूर्य की पहली किरण के साथ ही श्रद्धालुओं ने “छठी मइया की जय” के जयकारों से घाटों को गूंजा दिया।
नगर पंचायत प्रशासन और पुलिस विभाग की संयुक्त तैयारियों की सराहना श्रद्धालुओं ने की। घाटों पर सफाई, पेयजल, प्रकाश और सुरक्षा के सख्त इंतज़ाम रहे। प्रशासनिक टीम ने पहले से ही घाटों की बैरिकेडिंग, सफाई और चिकित्सा सुविधा सुनिश्चित की थी।
नगर पंचायत चेयरमैन विनोद कुमार जायसवाल के नेतृत्व में प्रशासन ने पर्व की तैयारियों को समय रहते पूरा कराया। अधिशासी अधिकारी कुंवर गौरव सिंह के निर्देशन में नगर पंचायत कर्मियों ने पूरी मुस्तैदी से कार्य किया। वहीं, सुरक्षा की दृष्टि से थाना प्रभारी विनोद कुमार पुलिस बल के साथ स्वयं मौके पर डटे रहे। घाटों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती से श्रद्धालु निश्चिंत होकर पूजा-अर्चना करते दिखे।

इस दौरान लेखपाल विपिन यादव, सभासद प्रतिनिधि विशाल दुबे, वरिष्ठ लिपिक मनीष कुमार मिश्रा, मनीष कुमार शुक्ला, सुजीत गुप्ता, राम आसरे, अभिनव तिवारी, विपिन दुबे, रिंकू दुबे और अंशु जायसवाल सहित नगर पंचायत के कई कर्मचारी और जनप्रतिनिधि सक्रिय रूप से मौजूद रहे।
श्रद्धालुओं ने कहा कि इस वर्ष की व्यवस्था पहले से कहीं अधिक संतोषजनक रही। भारी भीड़ के बावजूद घाटों पर साफ-सफाई और सुव्यवस्थित प्रबंधन के कारण किसी प्रकार की अव्यवस्था नहीं हुई।
चेयरमैन विनोद कुमार जायसवाल ने कहा —छठ महापर्व हमारी संस्कृति और आस्था का प्रतीक है। नगर पंचायत प्रशासन ने यह सुनिश्चित किया है कि हर श्रद्धालु को सुविधा, सुरक्षा और श्रद्धा का वातावरण मिले।”
भक्ति, अनुशासन और व्यवस्था की मिसाल बना इस वर्ष का छठ पर्व रामपुर नगर पंचायत क्षेत्र में श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुआ।

