कमरुद्दीनपुर स्थित सर्वेश्वरी महाविद्यालय में निःशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन चयन शिविर
जौनपुर।
सुरेरी क्षेत्र के कमरुद्दीनपुर स्थित सर्वेश्वरी महाविद्यालय परिसर में आर.जे. शंकरा आई हॉस्पिटल, वाराणसी एवं शोभा एजुकेशनल ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में निःशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन चयन शिविर का आयोजन किया गया। सोमवार को शिविर प्रातः 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक चला।
शिविर में आसपास के ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों से आए कुल 157 मरीजों की विशेषज्ञ नेत्र चिकित्सकों द्वारा जांच की गई, जिसमें से 53 मरीजों को निःशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए चयनित किया गया। चयनित मरीजों को 03 फरवरी 2026 को अस्पताल की बस से आर.जे. शंकरा आई हॉस्पिटल, वाराणसी ले जाया जाएगा, जहां उनका ऑपरेशन निःशुल्क किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि शोभा एजुकेशनल ट्रस्ट द्वारा प्रत्येक माह की 2 तारीख को नियमित रूप से इस प्रकार के शिविर का आयोजन किया जाता है। अब तक सैकड़ों मरीजों का सफल निःशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन कराया जा चुका है। इसी कारण दूर-दराज के गांवों से भी बड़ी संख्या में लोग सुबह से ही जांच के लिए कतार में लगे दिखाई दिए।
शिविर में शोभा एजुकेशनल ट्रस्ट की ओर से डॉ. परमेंद्र कुमार सिंह, डॉ. संजय सिंह, अशोक सिंह, संतोष, विभा मिश्रा एवं मनीषा यादव उपस्थित रहे। वहीं आर.जे. शंकरा आई हॉस्पिटल के स्टाफ गणेश, हरिशंकर, ज्योति, सलोनी एवं प्रतिमा ने पंजीकरण, जांच व्यवस्था तथा मरीजों की सहायता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इस अवसर पर सर्वेश्वरी महाविद्यालय के प्रबंधक डॉ. परमेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि निःशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन शिविर आगे भी निरंतर जारी रहेगा, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों को इसका लाभ मिल सके। स्थानीय लोगों ने इस जनसेवा कार्य की सराहना करते हुए आयोजक संस्थाओं के प्रति आभार व्यक्त किया।



