कुटीर पीजी कॉलेज, चक्के के संस्थापक पं. अभयजीत दुबे की 27वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि समागम का आयोजन
जलालपुर, जौनपुर। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, समाजसेवी और साप्ताहिक ‘विकास’ के संपादक, कुटीर पीजी कॉलेज, चक्के के संस्थापक पंडित अभयजीत दुबे की 27वीं पुण्यतिथि पर एक भव्य श्रद्धांजलि समागम का आयोजन कॉलेज परिसर में किया गया।
इस अवसर पर शिक्षाविदों, प्राचार्यों, छात्रों और गणमान्य नागरिकों ने उनकी स्मृति में श्रद्धासुमन अर्पित किए और उनके जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।
🔹 संस्थापक के विचारों की प्रासंगिकता आज भी बनी हुई है: प्रो. जे.पी.एन. मिश्र
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता प्रो. जे.पी.एन. मिश्र (पूर्व डीन, गुजरात केंद्रीय विश्वविद्यालय) ने पं. दुबे के व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा:
“बड़े लोग कोई असाधारण काम नहीं करते, बल्कि साधारण कामों को असाधारण तरीके से करते हैं।”
उन्होंने गीता दर्शन के माध्यम से छात्रों को यह संदेश दिया कि –
“सफलता संसाधनों की मोहताज नहीं होती, बल्कि संकल्प और निरंतर प्रयास की मांग करती है।”
🔹 ‘चरैवेति’ मंत्र पर चलता है संस्थान: प्रो. सुरेश कुमार पाठक
प्रो. सुरेश कुमार पाठक (प्राचार्य, पीजी कॉलेज मड़ियाहूं) ने संस्थान की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि यह संस्थान ‘चरैवेति’ यानी निरंतर आगे बढ़ने की भावना के अनुरूप शिक्षा और सेवा का कार्य कर रहा है। उन्होंने प्रबंधन को इस दिशा में कुशल नेतृत्व देने के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।
🔹 संकट के समय में खड़ा किया गया शिक्षा का दीप: प्रो. अरुण कुमार सिंह
प्रो. अरुण कुमार सिंह (प्राचार्य, राजा हरपाल सिंह पीजी कॉलेज, सिंगरामऊ) ने कहा:
“जब समाज संसाधनविहीन था, उस कठिन समय में इस संस्थान की स्थापना करना अपने आप में एक प्रेरणास्पद उदाहरण है।”
उन्होंने संस्थान की टीम भावना को उसकी मजबूती का आधार बताया।
🔹 महारथी नहीं, सारथी बनिए: डॉ. अजयेंद्र कुमार दुबे
संस्थान के प्रबंधक डॉ. अजयेंद्र कुमार दुबे ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में सफलता और असफलता की चिंता किए बिना,
“महारथी नहीं, सारथी बनने का प्रयास करें। आत्मबल, अनुशासन और मूल्य आधारित शिक्षा ही जीवन को सार्थक बनाती है।”
🔹 विद्यार्थियों को मिला सम्मान
इस अवसर पर कुटीर संस्थान की तीनों इकाइयों – इंटर कॉलेज, डिग्री कॉलेज और पीजी कॉलेज के सर्वोत्तम प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र और मेडल देकर सम्मानित किया गया।
वहीं सभी आगंतुक अतिथियों को अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह भेंट कर संस्थान द्वारा सम्मानित किया गया।
🔹 कार्यक्रम की अध्यक्षता और संचालन
कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. कृष्ण देव चौबे (पूर्व प्राचार्य एवं वर्तमान संस्थाध्यक्ष, प्रबंध समिति) ने की।
प्राचार्य प्रो. राघवेंद्र कुमार पांडेय ने स्वागत भाषण देते हुए सभी अतिथियों, शिक्षकों और छात्रों का अभिनंदन किया।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. अनुज कुमार शुक्ल ने किया तथा आभार ज्ञापन श्री श्रवण मिश्र द्वारा किया गया।
🔹 विशिष्ट उपस्थिति
कार्यक्रम में डॉ. राहुल अवस्थी (प्रधानाचार्य), डॉ. राकेश मिश्र (प्राचार्य), पंडित श्रीभूषण मिश्र, शिवानंद शुक्ल, कुंवर भारत सिंह, समर बहादुर सिंह, मनोज चौबे, जयनाथ यादव, हरिनाथ राम, शोभनाथ सहित अनेक शिक्षक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
🖋️ रिपोर्ट: मनोज कुमार सिंह
📲 Hind24tv

