गड्ढे में डूबने से 5 वर्षीय बच्चे की मौत, घर में मचा कोहराम
जौनपुर जिले के रामपुर थाना क्षेत्र की घटना
जौनपुर। जिले के रामपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत जदइपुर गोरा पट्टी गांव में एक हृदय विदारक घटना सामने आई है, जहां गड्ढे में डूबने से 5 वर्षीय मासूम बच्चे की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सूफियान (5 वर्ष) पुत्र मुख्तार शाह निवासी ग्राम जदइपुर गोरा पट्टी थाना रामपुर रविवार शाम करीब लापता हो गया था। परिजनों द्वारा काफी खोजबीन किए जाने के बाद भी जब बच्चे का कोई पता नहीं चला तो इसकी सूचना पीआरवी 112 पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से घंटों तलाश अभियान चलाया, लेकिन देर रात तक बच्चे का कोई सुराग नहीं मिल सका।
सोमवार सुबह खोजबीन के दौरान घर से लगभग 100 मीटर दूरी पर बने एक सोख्ता (गड्ढे) में बच्चे का शव उतराया हुआ मिला। बताया जा रहा है कि गड्ढे में करीब 4 से 5 फीट पानी भरा हुआ था। शव मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई और गांव में मातम छा गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इस संबंध में रामपुर थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि रविवार शाम लगभग 6 बजे बच्चे के लापता होने की सूचना प्राप्त हुई थी। पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। सोमवार सुबह घर से करीब 100 मीटर दूर एक सोख्ता गड्ढे में 4–5 फीट पानी भरा था, उसी में बच्चे का शव मिला। प्रथम दृष्टया प्रतीत होता है कि बच्चा खेलते समय गड्ढे में गिर गया होगा, जिससे डूबने से उसकी मृत्यु हो गई। हालांकि वास्तविक मृत्यु कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।


