जौनपुर की बेटी समीक्षा सिंह ने CLAT-2026 में हासिल किया ऑल इंडिया 45वां रैंक
जौनपुर। जिले की होनहार बेटी समीक्षा सिंह ने कॉमन लॉ एडमिशन टेस्ट (CLAT)-2026 में संपूर्ण भारत में 45वां स्थान प्राप्त कर न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे जौनपुर जनपद का नाम रोशन किया है। उनकी इस उल्लेखनीय उपलब्धि से जिले में खुशी और गर्व का माहौल है।
समीक्षा सिंह मूल रूप से ग्राम फत्तूपुर, पोस्ट बदलापुर, जनपद जौनपुर की निवासी हैं। वह बदलापुर के प्रतिष्ठित शिक्षाविद् स्वर्गीय शेर बहादुर सिंह, पूर्व प्रधानाचार्य सल्तनत बहादुर इंटर कॉलेज की सुपौत्री हैं। इसके साथ ही वह पूर्व ब्लॉक प्रमुख बदलापुर ओमप्रकाश सिंह एवं पूर्व ब्लॉक प्रमुख श्रीमती माधुरी सिंह की नातिन हैं।
समीक्षा के पिता नीलेश सिंह एवं माता श्रीमती रजनी सिंह ने बेटी की इस सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि उसकी कड़ी मेहनत, अनुशासन और निरंतर परिश्रम का परिणाम है। उन्होंने बताया कि समीक्षा प्रारंभ से ही मेधावी छात्रा रही हैं और कानून के क्षेत्र में आगे बढ़कर देश की सेवा करने का सपना संजोए हुए हैं।
समीक्षा की सफलता की जानकारी मिलते ही परिवार, रिश्तेदारों एवं शुभचिंतकों द्वारा बधाइयों का तांता लग गया। क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों और शिक्षाविदों ने भी उनकी इस उपलब्धि को जौनपुर जिले के लिए गौरवपूर्ण बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
समीक्षा सिंह की यह सफलता निश्चित रूप से जिले के अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत सिद्ध होगी।


