जौनपुर के दो लापता बच्चे इलाहाबाद में मिले, गांव में दौड़ी खुशी की लहर
रेलवे स्टेशन से साइकिल मिलने से ट्रेन से जाने की आशंका, परिजनों ने लिया राहत की सांस
मड़ियाहूं (जौनपुर)। मड़ियाहूं कोतवाली क्षेत्र के सरौना गांव और नेवढ़िया थाना क्षेत्र के जवंसीपुर गांव से सोमवार की शाम लापता हुए दो बच्चों को प्रयागराज में सुरक्षित मिलने की खबर से परिजनों के साथ पूरे गांव में खुशी की लहर दौड़ गई।

जानकारी के अनुसार, सरौना गांव निवासी रेयांश विश्वकर्मा और जवंसीपुर गांव निवासी प्रवेश दुबे सोमवार की शाम अपने-अपने घर से साइकिल लेकर निकले थे। देर रात तक घर वापस न आने पर परिजनों ने बच्चों की तलाश शुरू की, लेकिन कहीं कोई सुराग नहीं मिला।
थक-हारकर परिजनों ने मड़ियाहूं कोतवाली में बच्चों की गुमशुदगी की सूचना दी। इसी बीच मंगलवार रात करीब आठ बजे नेवढ़िया थाना पुलिस को प्रयागराज के दारागंज संगम थाने से सूचना मिली कि दो बच्चे एक रिक्शा चालक के पास बैठे हैं और अपना नाम रेयांश व प्रवेश बता रहे हैं।

सूचना मिलते ही परिजन प्रयागराज पहुंचे और बच्चों को पहचान कर सकुशल घर ले आए। अपने परिजनों को देख बच्चे फफक कर रो पड़े।
इधर, मड़ियाहूं रेलवे स्टेशन के पास बच्चों की साइकिल गिरी हुई अवस्था में मिली, जिससे अनुमान लगाया जा रहा है कि दोनों बच्चे ट्रेन से प्रयागराज पहुंचे होंगे।
घटना के बाद से दोनों गांवों में लोगों की भीड़ बच्चों का हालचाल जानने के लिए उमड़ पड़ी। परिजनों ने प्रयागराज पुलिस और मददगार रिक्शा चालक का आभार जताया।

