जौनपुर पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल, कई थानाध्यक्ष व उपनिरीक्षक बदले गए
जौनपुर, 07 अक्टूबर: कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और पुलिस कार्यप्रणाली को चुस्त-दुरुस्त करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक जौनपुर ने जिले भर के कई थानों में बड़े पैमाने पर फेरबदल किया है। इस तबादले की सूची में खासकर खेतासराय, शाहगंज, केराकत, बरसठी, मुंगराबादशाहपुर और जफराबाद थानों के थानाध्यक्ष शामिल हैं। इसके साथ ही कई उपनिरीक्षकों की भी जिम्मेदारियां बदली गई हैं।
खेतासराय थाने की कमान अब उपनिरीक्षक प्रदीप कुमार सिंह को सौंपी गई है, जबकि शाहगंज कोतवाली की जिम्मेदारी किरण कुमार को दी गई है। इन दोनों को कानून व्यवस्था में सुधार लाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
पूर्व खेतासराय थानाध्यक्ष रामेश्वर राय को अब स्वाट टीम का प्रभारी बनाया गया है। वहीं, त्रिवेणी सिंह को एसओजी (स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप) का प्रभारी नियुक्त किया गया है, जिससे जिले में अपराध नियंत्रण व विशेष अभियानों को और प्रभावी तरीके से संचालित किया जा सके।
अन्य थानों की बात करें तो केराकत दीपेन्द्र सिंह,बरसठी देवानंद रजक मुंगराबादशाहपुर अमरेंद्र कुमार पांडेय और जफराबाद श्री प्रकाश शुक्ला की तैनाती की गई है।
पुलिस अधीक्षक द्वारा किए गए इस फेरबदल को आगामी त्योहारों, पंचायत चुनावों और बढ़ती आपराधिक घटनाओं को देखते हुए अहम कदम माना जा रहा है। पुलिस विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि कोई अधिकारी कार्य में लापरवाही बरतता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जनपद के लोगों को बेहतर कानून व्यवस्था का भरोसा दिलाते हुए, पुलिस अधीक्षक ने कहा कि नई तैनाती से जनता को जल्द ही सकारात्मक परिणाम देखने को मिलेंगे।

