दुर्गा पूजा को लेकर सीओ प्रतिमा वर्मा ने दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
सीसीटीवी कैमरे, अग्निशमन यंत्र और गोताखोर की तैनाती अनिवार्य
मुंगराबादशाहपुर (जौनपुर)। आगामी दुर्गा पूजा पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से रविवार को स्थानीय थाना परिसर में एक आवश्यक बैठक आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता क्षेत्राधिकारी (सीओ) प्रतिमा वर्मा ने की।
बैठक में नगर सहित ग्रामीण क्षेत्रों के दुर्गा पूजा पंडालों के आयोजकों, गणमान्य नागरिकों एवं समाजसेवियों ने भाग लिया। सीओ प्रतिमा वर्मा ने उपस्थित प्रतिनिधियों को दुर्गा पूजा आयोजन को लेकर कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और आश्वासन दिया कि पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था और आवश्यक सहयोग मुहैया कराया जाएगा।
उन्होंने कहा कि—
- सभी पूजा पंडालों में सीसीटीवी कैमरे लगाना अनिवार्य होगा।
- प्रत्येक पंडाल में अग्निशमन यंत्र, एक ड्रम पानी और चार बाल्टी बालू की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
- पंडालों में स्वयंसेवकों (वॉलंटियर्स) की टीम तैयार की जाए।
- सोशल मीडिया पर कोई भी आपत्तिजनक पोस्ट या टिप्पणी न की जाए।
- दुर्गा प्रतिमा स्थापित करने वाले संस्था/संस्थापक और अध्यक्ष का नाम व मोबाइल नंबर पंडाल के बाहर बड़े अक्षरों में लिखा हुआ होर्डिंग लगाना होगा।
- विसर्जन निर्धारित समय, स्थान और रूट के अनुसार ही किया जाएगा।
- विसर्जन के दौरान गोताखोरों की तैनाती अनिवार्य रहेगी।
- मूर्ति विसर्जन के दौरान धार्मिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की गई।
सीओ प्रतिमा वर्मा ने थाना प्रभारी के.के. सिंह को निर्देशित किया कि—
- पूजा पंडालों में महिला एवं पुरुषों के लिए अलग-अलग प्रवेश और निकास मार्ग निर्धारित किए जाएं।
- विसर्जन प्रक्रिया के दौरान जारी प्रशासनिक निर्देशों का पूर्ण पालन सुनिश्चित कराया जाए।
प्रतिनिधियों ने उठाईं जनहित की मांगें
बैठक में पूजा पंडाल प्रतिनिधियों ने भी प्रशासन के समक्ष अपनी समस्याएं और सुझाव रखे। उन्होंने मांग की कि—
- नवरात्रि के नौ दिनों तक सुरक्षित और निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
- पंडालों के आसपास साफ-सफाई, जर्जर सड़कों की मरम्मत, तथा रोशनी की व्यवस्था की जाए।
- दुर्गा पूजा स्थलों के आसपास स्थित दारू की दुकानों एवं मीट की दुकानों पर प्रतिबंध लगाया जाए।
- विसर्जन स्थलों पर गोताखोरों की व्यवस्था पहले से की जाए।
थाना प्रभारी के.के. सिंह ने आश्वस्त किया कि नवरात्रि के दौरान किसी भी प्रकार की अराजकता फैलाने वालों पर पुलिस की कड़ी निगरानी रहेगी। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
बैठक में मौजूद रहे
इस अवसर पर चेयरमैन कपिल मुनि ऊमरवैश्य, मेला महासमिति अध्यक्ष आलोक गुप्ता पिंटू, राजकुमार जायसवाल, रंजीत गुप्ता, बैजनाथ साहू, अनिल भूरे, राजकुमार ऊमरवैश्य नेता, सूर्यलाल जायसवाल, संतोष मोदनवाल, सुरेश सोनी, इन्द्रजीत पटेल, अजय साहू, अनुज साहू, माधवेन्द्र सिंह, मोहित गुप्ता, ज्ञान बाबू केसरवानी, संदीप केसरवानी, सुनील साहू, नीशू केशरी और अनुज श्रीवास्तव सहित क्षेत्र के कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

