नेवढ़िया में इफ्को के तत्वावधान में भव्य किसान सभा, नैनो उर्वरक के उपयोग पर दिया गया जोर
नेवढ़िया (जौनपुर)।
नेवढ़िया विकास खंड में मंगलवार को इफ्को (भारतीय किसान उर्वरक सहकारी लिमिटेड) के तत्वावधान में एक भव्य किसान सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र भर से आए सैकड़ों किसानों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की, जिससे आयोजन अत्यंत सफल और प्रभावशाली रहा।
सभा के मुख्य अतिथि इफ्को जौनपुर प्रतिनिधि संजय यादव रहे। उन्होंने किसानों को वैज्ञानिक खेती और आधुनिक तकनीकों के उपयोग के लिए प्रेरित किया। श्री यादव ने नैनो यूरिया के फायदों को विस्तार से समझाते हुए कहा कि यह पारंपरिक खादों की तुलना में अधिक प्रभावशाली है। इससे न केवल फसल की उत्पादकता में वृद्धि होती है, बल्कि मिट्टी की उर्वरता भी लंबे समय तक बनी रहती है।
उन्होंने बताया कि नैनो यूरिया का छिड़काव करने से पौधे पोषण बेहतर तरीके से ग्रहण करते हैं, जिससे उत्पादन में बढ़ोतरी होती है। साथ ही यह उर्वरक पर्यावरण के लिए भी सुरक्षित है, क्योंकि इससे रासायनिक उर्वरकों का अत्यधिक उपयोग कम होता है।
सभा के दौरान किसानों ने खेती से जुड़ी विभिन्न समस्याएं रखीं, जिनका समाधान मौके पर मौजूद विशेषज्ञों ने किया। नैनो उर्वरक, तकनीकी खेती, उन्नत बीजों और कृषि यंत्रीकरण जैसे विषयों पर भी विस्तृत चर्चा की गई।
कार्यक्रम में क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग और किसान उपस्थित रहे। प्रमुख रूप से महेन्द्र यादव, बबलू पटेल, बसंतलाल पटेल, राज कुमार पटेल, संजय सिंह, बृजेश दुबे, चुबूल, सागर पटेल, चंचल पटेल, रामबली यादव (प्रधान) और शिवशंकर दुबे उपस्थित रहे।
सभा के अंत में किसानों ने इफ्को द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समय-समय पर होते रहने चाहिए। इससे किसानों को नई तकनीकों की जानकारी मिलती है और खेती को अधिक लाभकारी बनाने में सहायता मिलती है।

