नौकरी से निकाले जाने पर बिजलीकर्मी का हंगामा
भदोही में पावरहाउस की सप्लाई काटी, ट्रांसफार्मर पर चढ़कर किया प्रदर्शन
भदोही।
जिले के ऊंज थाना क्षेत्र स्थित रमईपुर पावर हाउस पर सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक आउटसोर्सिंग बिजली कर्मचारी ने नौकरी से निकाले जाने के विरोध में मुख्य बिजली आपूर्ति काट दी और ट्रांसफार्मर पर चढ़कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस घटना से पूरे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति ठप हो गई, जिससे आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दीपक कुमार यादव (पुत्र राधेश्याम यादव), निवासी सुनैचा, ऊंज, ग्रीट पावर कंपनी के अनुबंध पर बिजली विभाग में कार्यरत था। कंपनी द्वारा नौकरी से हटाए जाने से नाराज दीपक ने सोमवार सुबह करीब 11:50 बजे रमईपुर पावर हाउस की मुख्य बिजली सप्लाई काट दी और मेन ट्रांसफार्मर पर चढ़ गया।
बिजली आपूर्ति बाधित होने की सूचना मिलते ही अवर अभियंता रमेश प्रजापति ने पुलिस को अवगत कराया। सूचना पर ऊंज थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और बिजली विभाग के अधिकारियों ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए युवक को समझाने का प्रयास शुरू किया।
काफी देर तक चले मान-मनौव्वल के बाद अवर अभियंता रमेश प्रजापति और एसडीओ सुरेश यादव के आश्वासन पर संविदाकर्मी ट्रांसफार्मर से सुरक्षित नीचे उतर आया और उसका धरना समाप्त हुआ। इसके बाद बिजली विभाग द्वारा आपूर्ति बहाल की गई। अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल क्षेत्र में बिजली व्यवस्था पूरी तरह सुचारु है।
पुलिस की तत्परता और अधिकारियों की सूझबूझ से किसी बड़े हादसे को टाल लिया गया।


