प्रयागराज के सिविल लाइंस में पत्रकार की चाकू मारकर हत्या, दो घंटे बाद मुठभेड़ में आरोपी गिरफ्तार
प्रयागराज। शहर के सिविल लाइंस इलाके में गुरुवार देर रात एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां स्थानीय पत्रकार लक्ष्मी नारायण सिंह (एल.एन. सिंह) की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना के महज दो घंटे के भीतर पुलिस ने आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगने के बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
विवाद बना हत्या की वजह
एडिशनल सीपी कानून-व्यवस्था अजय पाल शर्मा ने बताया कि 22 अक्टूबर को पत्रकार एल.एन. सिंह और आरोपी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। उसी विवाद को लेकर आरोपी ने बदला लेने की ठान ली थी। जांच में सामने आया है कि आरोपी ने 22 अक्टूबर को ही मछली बाजार से चाकू खरीदा था और मौका देखकर वारदात को अंजाम दिया।
सिविल लाइंस में वारदात
पुलिस के मुताबिक, गुरुवार रात करीब 10:30 बजे सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के धरना स्थल के पास एल.एन. सिंह बैठे हुए थे। इसी दौरान दो युवक वहां पहुंचे और अचानक उन पर ताबड़तोड़ चाकुओं से हमला कर दिया। लहूलुहान हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
घटना की जानकारी मिलते ही प्रयागराज पुलिस की कई टीमें सक्रिय हो गईं। देर रात नेहरू पार्क और धूमनगंज क्षेत्र में घेराबंदी की गई। इसी दौरान पुलिस का सामना मुख्य आरोपी विशाल से हुआ। पुलिस के अनुसार, उसने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके जवाब में हुई मुठभेड़ में उसके दोनों पैरों में गोली लगी। आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
अजय पाल शर्मा ने बताया कि हत्या में शामिल एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है। दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
पत्रकार और समाज में शोक
मृतक पत्रकार एल.एन. सिंह (50) धूमनगंज थाना क्षेत्र के अल्कापुरी कॉलोनी में रहते थे और लंबे समय से प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े हुए थे। वे हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष अशोक सिंह के भतीजे थे। हत्या की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में पत्रकार और वकील मौके पर पहुंचे। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया और त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
पुलिस ने आश्वासन दिया
एडिशनल सीपी ने कहा, “पत्रकार की हत्या एक जघन्य अपराध है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक के परिवार को हरसंभव मदद दी जाएगी।”
पत्रकार जगत में शोक की लहर:
प्रयागराज में सक्रिय पत्रकार संगठनों और प्रेस क्लब ने एल.एन. सिंह के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है और सरकार से पत्रकार सुरक्षा कानून को सख्ती से लागू करने की मांग की है।

