ब्रेकिंग लखनऊ : दारोगा का रिश्वत लेते वीडियो वायरल — एंटी करप्शन टीम ने किया रंगे हाथों गिरफ्तार
लखनऊ। राजधानी की पुलिस पर एक बार फिर भ्रष्टाचार का दाग लग गया है। पेपरमिल चौकी इंचार्ज धनंजय सिंह का रिश्वत लेते हुए वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। एंटी करप्शन टीम ने गुरुवार को उन्हें चौकी परिसर के अंदर ही रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
मिली जानकारी के अनुसार, चौकी इंचार्ज धनंजय सिंह ने गैंगरेप केस से एक आरोपी का नाम हटाने के एवज में 50 लाख रुपए की मांग की थी। पीड़ित प्रतीक गुप्ता की शिकायत पर एंटी करप्शन टीम ने जाल बिछाया। सूत्रों के मुताबिक, 2 लाख रुपए की डील फाइनल होने के बाद तय योजना के तहत टीम ने मौके पर कार्रवाई की।
वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि दारोगा फाइल के भीतर रिश्वत की रकम रख रहा है। जैसे ही उसने पैसे को सुरक्षित करने की कोशिश की, एंटी करप्शन टीम ने चौकी परिसर में प्रवेश कर उसे दबोच लिया।
घटना के बाद पुलिस विभाग में खलबली मच गई है। वरिष्ठ अधिकारियों ने पूरे प्रकरण की जांच के आदेश दिए हैं। वहीं, आरोपी दरोगा से एंटी करप्शन टीम पूछताछ कर रही है और उससे जुड़े अन्य संभावित मामलों की भी जांच की जा रही है।
स्थानीय सूत्रों का कहना है कि आरोपी दारोगा का क्षेत्र में पहले से विवादों से जुड़ा इतिहास रहा है। फिलहाल वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल है, जिससे लखनऊ पुलिस की साख पर एक बार फिर सवाल उठ खड़ा हुआ है।


