भदोही : जमीनी विवाद में गोली मारकर हत्या, औराई थाना क्षेत्र के बनपुरवा जंगला की घटना
भदोही।
जिले के औराई थाना क्षेत्र अंतर्गत बनपुरवा जंगला गांव में मंगलवार की सुबह पुरानी जमीनी रंजिश खूनी संघर्ष में बदल गई। दोनों पक्षों के बीच चल रहे भूमि विवाद को लेकर हुई मारपीट के दौरान गोली चलने से 28 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद गांव में दहशत और सन्नाटा पसरा हुआ है। पुलिस ने मौके से लाइसेंसी रिवाल्वर बरामद कर दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बनपुरवा जंगला गांव में दो पक्षों के बीच जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था, जिसका मुकदमा दीवानी न्यायालय में विचाराधीन है। मंगलवार की सुबह करीब साढ़े दस बजे इसी विवाद को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। कहासुनी के बाद मामला मारपीट में बदल गया।

आरोप है कि एक पक्ष के बृजेश कुमार यादव पुत्र विजय बहादुर यादव ने अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर से फायरिंग कर दी। गोली लगने से दूसरे पक्ष के आशीष यादव पुत्र फूलचंद यादव (उम्र 28 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
घटना में अखिलेश यादव पुत्र उमाशंकर यादव के हाथ में गोली लगी, जबकि राजनाथ यादव पुत्र फूलचंद यादव को लाठी-डंडों से चोटें आईं। दोनों घायलों का उपचार जिला चिकित्सालय में चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
गोली चलने की आवाज सुनते ही पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही औराई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। पुलिस ने घटनास्थल से लाइसेंसी रिवाल्वर जब्त कर लिया है। मामले में दो व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस क्षेत्राधिकारी सहित उच्चाधिकारी मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम और फील्ड यूनिट ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।
पुलिस का कहना है कि मामले में तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
इस घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है, हालांकि पुलिस प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रण में बताते हुए लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।


