महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए आगे आई रामपुर पुलिस
मिशन शक्ति 5.0 के तहत महिलाओं और बालिकाओं को किया गया जागरूक
जौनपुर। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित मिशन शक्ति 5.0 अभियान के अंतर्गत सोमवार को थाना रामपुर पुलिस ने महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया। इस कार्यक्रम का नेतृत्व क्षेत्राधिकारी मडियाहूं गिरेंद्र सिंह तथा थाना प्रभारी रामपुर विनोद कुमार ने किया।

अभियान के दौरान महिला पुलिसकर्मियों की टीम ने थाना क्षेत्र के बाजारों, सार्वजनिक स्थलों और गांवों में जाकर महिलाओं व किशोरियों से संवाद किया। पुलिस ने उन्हें महिला हेल्पलाइन 1090, महिला सशक्तिकरण हेल्पलाइन 181, आपातकालीन सेवा 112, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 और एंबुलेंस सेवा 108 जैसे महत्वपूर्ण नंबरों की जानकारी दी। साथ ही यह भी बताया कि किसी भी आपात स्थिति में इन नंबरों पर तत्काल संपर्क कर मदद ली जा सकती है।
महिला पुलिसकर्मियों ने इस मौके पर पंपलेट वितरित किए और उपस्थित महिलाओं से अपील की कि वे किसी भी प्रकार के उत्पीड़न या हिंसा की स्थिति में चुप न रहें। उन्होंने कहा कि भयमुक्त होकर अपनी बात रखें और जरूरत पड़ने पर तुरंत पुलिस या हेल्पलाइन से संपर्क करें।
थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि मिशन शक्ति अभियान के तहत पुलिस की प्राथमिकता महिलाओं और बेटियों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि थाना स्तर पर नियमित रूप से ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं ताकि कोई भी महिला या बालिका खुद को असहाय महसूस न करे।
वहीं, क्षेत्राधिकारी गिरेंद्र सिंह ने कहा कि “महिलाएं समाज की असली शक्ति हैं। उनका सम्मान और सुरक्षा ही एक सशक्त प्रदेश की पहचान है।” उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि वे मिशन शक्ति अभियान से जुड़कर महिला सुरक्षा में पुलिस का सहयोग करें।
अभियान के दौरान महिला कांस्टेबलों ने बाजारों, चौराहों और विद्यालयों में जाकर छात्राओं और आमजन से संवाद किया। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए अनेक योजनाएं और सेवाएं चलाई जा रही हैं, जिनका लाभ हर महिला को लेना चाहिए।
मिशन शक्ति 5.0 के तहत उत्तर प्रदेश पुलिस निरंतर महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता के लिए ठोस कदम उठा रही है। इसका प्रभाव समाज में जागरूकता और सकारात्मक बदलाव के रूप में दिखाई दे रहा है।
“महिला सुरक्षा ही समाज की सशक्तता की पहचान है” — क्षेत्राधिकारी गिरेंद्र सिंह
“भयमुक्त वातावरण बनाना ही हमारा उद्देश्य है” — थाना प्रभारी विनोद कुमार

