महिला पुलिस कर्मियों ने किया जागरूक, नए कानून की दी जानकारी — रामपुर थानाध्यक्ष विनोद कुमार के नेतृत्व में शिवम पब्लिक स्कूल में चला जागरूकता अभियान
रामपुर (जौनपुर)।
थाना रामपुर के प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार के नेतृत्व में थाना क्षेत्र के धनुहा स्थित शिवम पब्लिक स्कूल में शनिवार को एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों को नए बनाए गए तीन कानूनों — भारतीय न्याय संहिता (BNS), भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) और भारतीय साक्ष्य अधिनियम (BSA) — के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।
इस मौके पर महिला पुलिस कर्मियों ने भी बच्चों को जागरूक करते हुए बताया कि इन नए कानूनों का उद्देश्य न्याय प्रक्रिया को तेज, पारदर्शी और पीड़ित केंद्रित बनाना है। उन्होंने विद्यार्थियों को दैनिक जीवन में कानून की समझ और उसके अनुपालन की आवश्यकता पर जोर दिया।
कार्यक्रम के दौरान महिला पुलिस कर्मियों ने विशेष रूप से छात्राओं को महिला शक्ति मिशन के तहत महिला सुरक्षा, आत्मरक्षा के उपायों और हेल्पलाइन नंबर 1090, 181, 112 की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सरकार महिला सशक्तिकरण के लिए अनेक योजनाएं चला रही है, जिनका लाभ सभी को लेना चाहिए।
प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार ने कहा कि नए कानूनों की जानकारी समाज के हर वर्ग तक पहुँचना जरूरी है ताकि कोई भी व्यक्ति अज्ञानवश कानून का उल्लंघन न करे। उन्होंने बच्चों को जिम्मेदार नागरिक बनने और समाज में जागरूकता फैलाने की अपील की।
विद्यालय के प्रबंधक अनिल कुमार मिश्रा ने पुलिस विभाग के इस जन-जागरूकता कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रम बच्चों में कानून की समझ विकसित करते हैं और उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा देते हैं। पुलिस और समाज के बीच इस तरह का संवाद बेहद सराहनीय कदम है।”
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं एवं पुलिसकर्मी उपस्थित रहे। बच्चों ने पुलिसकर्मियों से प्रश्न पूछकर कानून से संबंधित कई जानकारियां भी प्राप्त कीं।


