महिला शक्ति मिशन के तहत रामपुर में महिलाओं और बच्चों को किया गया जागरूक
थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार के नेतृत्व में चला जनजागरूकता अभियान
रामपुर (जौनपुर)। महिला शक्ति मिशन के तहत शुक्रवार को थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार के नेतृत्व में एक विशेष जनजागरूकता अभियान चलाया गया। यह कार्यक्रम नगर पंचायत रामपुर कस्बा के पुरानी बाजार व चट्टी चौराहे पर आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाएँ, छात्राएँ, व्यापारी एवं स्थानीय लोग शामिल हुए।

कार्यक्रम में महिलाओं और बच्चों को महिला सुरक्षा, कानूनी अधिकारों तथा साइबर अपराध से बचाव के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। महिला कांस्टेबल पूजा यादव ने प्रतिभागियों को महिला हेल्पलाइन नंबर 1090, 181, 112 और 1098 की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किसी भी प्रकार की समस्या या उत्पीड़न की स्थिति में महिलाएँ इन नंबरों पर बेझिझक संपर्क कर सहायता प्राप्त कर सकती हैं।
थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार ने कहा कि “महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। समाज में महिलाओं की सम्मानजनक भागीदारी और आत्मनिर्भरता तभी संभव है जब वे अपने अधिकारों और सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक हों।”
उन्होंने उपस्थित लोगों से अपील की कि वे महिला सुरक्षा के प्रति समाज में जागरूकता फैलाने में सहयोग करें। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों को महिला सुरक्षा, सम्मान और सामाजिक सहयोग के लिए सदैव तत्पर रहने का संकल्प दिलाया गया।
इस मौके पर थाना स्टाफ, स्थानीय व्यापारी, क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

