महिला सुरक्षा व सशक्तिकरण का संदेश: मिशन शक्ति 5.0 के तहत रामपुर पुलिस की पहल
रामपुर, जौनपुर।
महिला सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को सशक्त बनाने के उद्देश्य से थाना रामपुर पुलिस द्वारा मिशन शक्ति फेज 5.0 के अंतर्गत लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में बुधवार को थाना क्षेत्र के रामपुर बाजार, पुरानी बाजार और चट्टी चौराहा पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाएं एवं छात्राएं शामिल हुईं।
कार्यक्रम का नेतृत्व थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार ने किया। इस दौरान महिला पुलिस कर्मियों ने छात्राओं और महिलाओं को आत्मरक्षा के व्यावहारिक तरीकों का प्रदर्शन कर जागरूक किया। साथ ही कानूनी अधिकारों,
महिलाओं के लिए हेल्पलाइन नंबर 1090,
आपातकालीन सेवा 112,
चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 आदि की महत्वपूर्ण जानकारी भी दी गई।
थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार ने कहा कि–मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं को भयमुक्त वातावरण देना, तथा समाज में महिला सशक्तिकरण का संदेश व्यापक रूप से पहुँचाना है। हर महिला को अपने अधिकारों की जानकारी होनी चाहिए, ताकि वह किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सहायता प्राप्त कर सके।”
उन्होंने सभी उपस्थित महिलाओं व छात्राओं से अपील की कि किसी भी प्रकार की घटना या उत्पीड़न की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि अपराधियों पर त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने मिशन शक्ति के संदेश को अधिक से अधिक लोगों तक पहुँचाने का संकल्प लिया।


