मुठभेड़ में अंतरजनपदीय गौ-तस्कर गिरफ्तार, पैर में गोली लगने से घायल
सरायख्वाजा पुलिस की कार्रवाई, तमंचा-कारतूस व पिकअप बरामद; एक आरोपी फरार
जौनपुर, 10 फरवरी 2026।
जनपद में अपराध नियंत्रण अभियान के तहत सरायख्वाजा थाना पुलिस और बदमाशों के बीच मंगलवार को मुठभेड़ हो गई। पुलिस कार्रवाई में अंतरजनपदीय गौ-तस्करी से जुड़े एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसे घायल अवस्था में उपचार के लिए भेजा गया।
पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष श्रीवास्तव के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी सदर देवेश सिंह के पर्यवेक्षण में संदिग्ध वाहन व व्यक्तियों की चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में पूर्वांचल विश्वविद्यालय के पास सरायख्वाजा पुलिस टीम चेकिंग कर रही थी।
इसी दौरान एक सफेद पिकअप पर सवार दो संदिग्ध व्यक्ति पुलिस को देखकर भागने लगे। पुलिस टीम ने पीछा कर उन्हें घेरने का प्रयास किया, जिस पर बदमाशों ने जान से मारने की नीयत से पुलिस पार्टी पर फायरिंग शुरू कर दी। सूचना कंट्रोल रूम को दी गई और घेराबंदी तेज की गई।
भागते समय पिकअप देवकली नहर पुलिया के पास अनियंत्रित होकर पुलिया से टकरा गई। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुनः फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई। जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया, जबकि दूसरा आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
गिरफ्तार व फरार आरोपी
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान मो. सलमान पुत्र मेराज निवासी ग्राम माहुल, थाना अहरौला, जनपद आजमगढ़ के रूप में हुई है।
फरार अभियुक्त का नाम मोनू उर्फ बलवंत बघेल पुत्र अशोक कुमार निवासी रामनगर, थाना अखंडनगर, जनपद सुल्तानपुर बताया गया है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।
आपराधिक इतिहास
पुलिस अभिलेखों के अनुसार गिरफ्तार आरोपी मो. सलमान पर गोवध निवारण अधिनियम, हत्या के प्रयास, चोरी, शस्त्र अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं में कई मुकदमे पूर्व से दर्ज हैं, जिससे उसके अंतरजनपदीय तस्करी नेटवर्क से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है।
बरामदगी
मौके से पुलिस ने
- 01 तमंचा (.315 बोर)
- 01 जिंदा कारतूस (.315 बोर)
- 01 खोखा कारतूस (.315 बोर)
- 01 पिकअप वाहन
बरामद किया। पिकअप को धारा 207 एमवी एक्ट के तहत सीज कर दिया गया है।
पुलिस टीम
इस कार्रवाई में निरीक्षक अमरेन्द्र कुमार पाण्डेय, उपनिरीक्षक सैयद हसन जाफर रिजवी, उपनिरीक्षक बृजेश सिंह, हेड कांस्टेबल संजय सोनकर, कांस्टेबल विनोद सिंह व कांस्टेबल कृष्णानंद यादव शामिल रहे।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है, जबकि फरार अभियुक्त की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
रिपोर्ट-दीपक शुक्ला


