रामपुर थाना क्षेत्र में ग्राम सुरक्षा समितियों के गठन की पहल
रामपुर ।
जौनपुर जिले के रामपुर थाना क्षेत्र में बढ़ती ठंड, कोहरे एवं संभावित आपराधिक गतिविधियों को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने ग्राम सुरक्षा समितियों के गठन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि रामपुर थाना क्षेत्र में कुल 59 ग्राम सभाएं हैं, जिनमें अब तक ग्राम सुरक्षा समितियां सक्रिय नहीं थीं।
रामपुर थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार ने सभी ग्राम सभाओं में ग्राम सुरक्षा समितियों का गठन कराने के लिए कमर कस ली है। पुलिस के अनुसार ठंड के मौसम में घना कोहरा होने के कारण चोरी समेत अन्य आपराधिक घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। साथ ही आगामी पंचायत चुनाव को लेकर गांवों में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं, जिससे अप्रिय घटनाओं की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता।
पुलिस का मानना है कि ग्राम सुरक्षा समितियों के माध्यम से समय रहते सूचनाएं प्राप्त कर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सकता है। इसी उद्देश्य से प्रत्येक ग्राम सभा में जिम्मेदार और संभ्रांत व्यक्तियों को समिति में शामिल किया जाएगा।
थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि ग्राम सुरक्षा समिति में ऐसे लोगों को शामिल किया जाएगा जो गांव के सम्मानित नागरिक हों और पुलिस का सहयोग करने के लिए तत्पर हों। यदि किसी सदस्य के पास लाइसेंसी असलहा हो तो उसे प्राथमिकता दी जाएगी।
उन्होंने रामपुर थाना क्षेत्र की सभी 59 ग्राम सभाओं के संभ्रांत व्यक्तियों से अपील की है कि जो लोग ग्राम सुरक्षा समिति में शामिल होकर पुलिस का सहयोग करना चाहते हैं, वे थाने पर पहुंचकर अपना नाम, पता एवं आधार कार्ड के साथ पंजीकरण करा सकते हैं।


