रामपुर नगर पंचायत में छठ पूजा की धूम — महिलाओं ने सूर्य देव को अर्घ्य देकर मांगी सुख-समृद्धि, प्रशासन और पुलिस व्यवस्था रही मुस्तैद
रिपोर्ट-दीपक शुक्ला
रामपुर (जौनपुर): नगर पंचायत रामपुर में छठ महापर्व इस वर्ष बड़े ही श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। नगर पंचायत प्रशासन और पुलिस विभाग की संयुक्त तैयारियों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। घाटों पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा के पुख्ता इंतजामों से श्रद्धालु संतुष्ट नजर आए।
सुबह और शाम के समय बड़ी संख्या में महिलाएँ पारंपरिक वेशभूषा में सजे घाटों पर पहुंचीं और भगवान सूर्य देव को अर्घ्य अर्पित कर परिवार व समाज की सुख-समृद्धि की कामना की। हाथों में सुप, फल, नारियल और ठेकुआ से सजे डाला लेकर व्रतियों ने छठ मइया के गीत गाकर पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
नगर पंचायत चेयरमैन विनोद कुमार जायसवाल के नेतृत्व में प्रशासन ने पहले से ही तैयारी शुरू कर दी थी। अधिशासी अधिकारी कुंवर गौरव सिंह के निर्देशन में नगर पंचायत कर्मियों ने घाटों की सफाई, बैरिकेडिंग, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और चिकित्सा सुविधा सुनिश्चित की।
सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनज़र थाना प्रभारी विनोद कुमार स्वयं पुलिस फोर्स के साथ मौके पर मौजूद रहे। उन्होंने घाटों और प्रमुख मार्गों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की निगरानी की। श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए पुलिस बल सतर्कता से ड्यूटी निभाता रहा।
इस अवसर पर लेखपाल विपिन यादव, सभासद प्रतिनिधि विशाल दुबे, वरिष्ठ लिपिक मनीष कुमार मिश्रा, मनीष कुमार शुक्ला, सुजीत गुप्ता, राम आसरे, अभिनव तिवारी, विपिन दुबे, रिंकू दुबे और अंशु जायसवाल सहित नगर पंचायत के अन्य कर्मचारी तथा जनप्रतिनिधि सक्रिय रूप से मौजूद रहे।
श्रद्धालुओं ने नगर पंचायत और पुलिस प्रशासन की तैयारी की सराहना करते हुए कहा कि इस बार छठ पर्व पर व्यवस्था पहले से कहीं बेहतर रही। शाम के समय घाटों पर भारी भीड़ उमड़ी, परंतु सुव्यवस्थित प्रबंधन के कारण किसी प्रकार की अव्यवस्था नहीं हुई।
चेयरमैन विनोद कुमार जायसवाल ने कहा कि “छठ महापर्व हमारी संस्कृति और आस्था का प्रतीक है। नगर पंचायत प्रशासन पूरी निष्ठा से यह सुनिश्चित कर रहा है कि हर श्रद्धालु को सुविधा और सुरक्षा मिले।”
रामपुर के छठ घाट पर सूर्य देव को अर्घ्य अर्पित करती महिलाएँ — मौके पर मौजूद रहे चेयरमैन विनोद कुमार जायसवाल, अधिशासी अधिकारी कुंवर गौरव सिंह और थाना प्रभारी विनोद कुमार।

