रामपुर पुलिस का सघन वाहन चेकिंग अभियान, बरसठी रोड पर दोपहिया-चारपहिया वाहनों की हुई जांच
जौनपुर। जनपद के रामपुर थाना क्षेत्र में अपराध नियंत्रण एवं यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार के नेतृत्व में सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। यह अभियान सहनपुर स्थित धना बाबा के पास बरसठी रोड पर आयोजित किया गया, जहां पुलिस टीम ने आने-जाने वाले दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों की गहन जांच की।

चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस कर्मियों द्वारा वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस, आरसी, बीमा एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई। साथ ही दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट एवं चारपहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने के लिए जागरूक किया गया। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों को सख्त चेतावनी देते हुए नियमों का पालन करने की हिदायत दी गई।

अभियान के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की भी तलाशी ली गई, जिससे क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी जा सके। पुलिस की सक्रियता से वाहन चालकों में सतर्कता देखने को मिली तथा मार्ग पर अनुशासन कायम रहा।
थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि अपराधियों की गतिविधियों पर अंकुश लगाने एवं सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए समय-समय पर इस प्रकार के सघन चेकिंग अभियान चलाए जाते रहेंगे। उन्होंने आमजन से यातायात नियमों का पालन करने एवं पुलिस का सहयोग करने की अपील की।


