रामपुर ब्लॉक मुख्यालय में बनवासी समूहों को कंबल वितरण, प्रशासनिक व जनप्रतिनिधियों की रही सहभागिता
रिपोर्ट-दीपक शुक्ला
रामपुर। शीतलहर और बढ़ती ठंड को देखते हुए जरूरतमंदों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से रामपुर ब्लॉक प्रमुख राहुल सिंह (मंकु) के सौजन्य से ब्लॉक मुख्यालय परिसर में बनवासी समूहों के लिए करीब 700 कंबल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जौनपुर के जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र रहे, जिन्होंने स्वयं लाभार्थियों को कंबल वितरित कर प्रशासन की संवेदनशीलता का परिचय दिया।

इस अवसर पर उपजिलाधिकारी नवीन कुमार, खंड विकास अधिकारी (वीडियो) अभिनव सरोज, क्षेत्र के ग्राम प्रधान, पंचायत प्रतिनिधि, ब्लॉक कर्मी तथा बड़ी संख्या में बनवासी परिवार उपस्थित रहे। कार्यक्रम का आयोजन सुव्यवस्थित ढंग से किया गया, जिससे पात्र लाभार्थियों को समय पर सहायता मिल सके।
जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि शासन की प्राथमिकता है कि ठंड के मौसम में कोई भी गरीब, असहाय और जरूरतमंद व्यक्ति राहत से वंचित न रहे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कंबल वितरण जैसे जनकल्याणकारी कार्य पूरी पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ किए जाएं, ताकि वास्तविक जरूरतमंदों को लाभ मिल सके।
ब्लॉक प्रमुख राहुल सिंह (मंकु) ने कहा कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक सहायता पहुंचाना ही जनप्रतिनिधियों का दायित्व है। उन्होंने जिलाधिकारी एवं प्रशासनिक अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी इसी तरह सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।
खंड विकास अधिकारी अभिनव सरोज ने बताया कि ठंड से बचाव के लिए ब्लॉक स्तर पर लगातार कंबल वितरण अभियान चलाया जा रहा है और जरूरतमंद परिवारों की सूची के आधार पर सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। वहीं उपजिलाधिकारी नवीन कुमार ने भी कार्यक्रम की सराहना करते हुए इसे जनहित में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
कार्यक्रम के अंत में लाभार्थियों ने कंबल पाकर खुशी जाहिर की और ब्लॉक प्रमुख व जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।


