लखनऊ: ‘मैं चोर नहीं हूं…’ रेस्टोरेंट कर्मचारी ने फांसी लगाकर दी जान, सुसाइड नोट बरामद
लखनऊ।
राजधानी लखनऊ के मड़ियांव थाना क्षेत्र से रविवार को एक हृदयविदारक घटना सामने आई। एक रेस्टोरेंट में कार्यरत 25 वर्षीय युवक ने उसी रेस्टोरेंट के भीतर पंखे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मौके से पुलिस को सुसाइड नोट मिला है, जिसमें मृतक ने खुद को चोरी के आरोप में निर्दोष बताते हुए मानसिक प्रताड़ना का उल्लेख किया है।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान अंशु कश्यप (25) पुत्र सत्रोहन कश्यप के रूप में हुई है। वह मड़ियांव के हरिओम नगर का निवासी था और बीते 9 वर्षों से मूड बेकर्स में कार्यरत था। रविवार दोपहर उसका शव रेस्टोरेंट के मेन हॉल में पंखे से लटका मिला।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटनास्थल से एक मेज पर मृतक का मोबाइल फोन और सुसाइड नोट बरामद हुआ है। रेस्टोरेंट कर्मचारियों के अनुसार शव दिखते ही परिसर में अफरा-तफरी मच गई, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचित किया गया।
सुसाइड नोट में आत्महत्या की वजह
पुलिस के मुताबिक, सुसाइड नोट में अंशु ने लिखा कि वह रेस्टोरेंट का ईमानदार कर्मचारी रहा है। उसने 500 रुपये के हिसाब में हुई गलती को छिपाने के लिए झूठ बोला, जिसके चलते वह मालिक की नजरों में गलत साबित हो गया। नोट में उसने लिखा कि वह “बेईमानी और चोरी का धब्बा लेकर जीवित नहीं रह सकता।” साथ ही उसने अपनी मां का ध्यान रखने की अपील की और यह संदेश भी दिया कि “मालिक के प्रति जरूरत से ज्यादा लॉयल न बनें।”
फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और सुसाइड नोट की फॉरेंसिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


