समाजसेविका सीमा सिंह ने की अनिल सिंह से औपचारिक मुलाकात, महिला सशक्तिकरण पर दिया प्रेरक संदेश
जौनपुर।जिले के नगर पंचायत रामपुर स्तिथ अनिल सिंह के आवास पर आज जनपद की जानी-मानी समाजसेविका सीमा सिंह ने औपचारिक भेंट की। इस अवसर पर महिला सशक्तिकरण, सामाजिक जागरूकता और युवा सहभागिता को लेकर सार्थक चर्चा हुई।
सीमा सिंह ने बताया कि वह लंबे समय से विभिन्न सामाजिक संगठनों के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर और जागरूक बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। उन्होंने कहा कि “समाज में महिलाओं की भूमिका केवल परिवार तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। उन्हें शिक्षा, रोजगार और नेतृत्व के क्षेत्र में भी बराबर अवसर मिलने चाहिए।”
उन्होंने आगे जानकारी दी कि उन्हें आज निगोह कवि सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है। निगोह से उनके पारिवारिक संबंध और आत्मीय जुड़ाव के कारण, उन्होंने कार्यक्रम में शामिल होने से पूर्व अनिल सिंह से शिष्टाचार भेंट की।
इस दौरान समाजसेवी राजेश पांडेय भी मौजूद रहे। चर्चा के दौरान सीमा सिंह ने कहा कि “समाज में सकारात्मक बदलाव तभी संभव है, जब हर व्यक्ति अपने स्तर से सामाजिक जिम्मेदारी निभाए।” उन्होंने युवाओं से भी आह्वान किया कि वे नारी सम्मान, शिक्षा प्रसार और समाज सुधार की दिशा में सक्रिय भूमिका निभाएँ।
अनिल सिंह ने सीमा सिंह का स्वागत करते हुए कहा कि उनके सामाजिक कार्य और महिला सशक्तिकरण के प्रयास सभी के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
सीमा सिंह की इस भेंट और प्रेरक संदेश से स्थानीय लोगों में उत्साह और जागरूकता का वातावरण देखा गया।



