10 सितंबर 2022 आज की ताजा खबर.क्या सुधर रहे हैं भारत-चीन के रिश्ते

चीन इस विवाद को सुलझाना नहीं चाहता है। ये हम सबको, भारतीयों को समझना चाहिए क्योंकि अगर सुझलाएगा तो चीन तो हमेशा चाहता है कि भारत को उलझाए रखो। भारत का इतना नुकसान उसने जो अभी किया है, बगैर गोली फायर किए हुए देखिए हमारा कितना खर्चा हो रहा है अभी, पूरे तीनों मोर्चों पर। चाहे वो वेस्टर्न सेक्टर हो, सेंट्रल सेक्टर हो या इस्टर्न सेक्टर हो। तो ये चीन नहीं चाहता।’

भारत और चीन के बीच क्या डेमचोक और देपसांग एरिया को लेकर जारी विवाद भी सुलझ जाएगा? इस सवाल पर ये कहना है मोहन चंद्र भंडारी का। जो रिटायर्ड लेफ्टिनेंट जनरल हैं। नमस्कार! आज है शनिवार, 10 सितंबर और आप सुन रहे हैं डेली न्यूज़कास्ट। पूरी बात सुनते हैं कुछ देर में, उससे पहले एक नज़र इस वक्त की बड़ी ख़बरों पर:

ब्रिटेन के नए सम्राट किंग चार्ल्स-III की ताजपोशी आज

किंग चार्ल्स III को आज आधिकारिक तौर पर ब्रिटेन का राजा घोषित किया जाएगा। भारतीय समय के मुताबिक दोपहर 2.30 बजे सेंट जेम्स पैलेस में एक्सेशन काउंसिल की बैठक में किंग चार्ल्स को आधिकारिक तौर पर ब्रिटेन के नए सम्राट के रूप में घोषित किया जाएगा। इससे पहले महाराजा चार्ल्स तृतीय ब्रिटेन के नए सम्राट के रूप में शुक्रवार को पहली बार बकिंघम पैलेस पहुंचे। यहां उन्होंने भरोसा दिलाया कि वो भी अपनी मां महारानी एलिजाबेथ की तरह अपने कार्य को करेंगे।

RSS संगठनों की 3 दिवसीय समन्वय बैठक आज से

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े अलग-अलग संगठनों की समन्वय बैठक आज से शुरू हो रही है। छत्तीसगढ़ के रायपुर के जैनम मानस भवन में ये समन्वय बैठक आयोजित की गई है। इस बैठक में आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत बीजेपी अध्यक्ष जे पी नड्डा, बीजेपी के संगठन महामंत्री बी एल संतोष समेत कई बड़े नेता शामिल होंगे। यह बैठक तीन दिनों तक चलेगी।

कांग्रेस के अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर पांच सांसदों ने लिखा पत्र

कांग्रेस में नए अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर बवाल थमने का नाम नहीं ले रहा है। शुक्रवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने दोबारा अध्यक्ष नहीं बनने के संकेत दिए। इसके बाद इस सवाल को लेकर चर्चा बढ़ गई कि है पार्टी का अगला अध्यक्ष कौन बनेगा? इस बीच कांग्रेस के पांच सांसदों ने पार्टी के अध्यक्ष पद के चुनाव की ‘पारदर्शिता और निष्पक्षता’ पर चिंता जताते हुए कांग्रेस केंद्रीय चुनाव प्राधिकरण के अध्यक्ष मधुसूदन मिस्त्री को पत्र लिखा है।

राहुल गांधी पर बीजेपी का निशाना

बीजेपी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधा। पार्टी ने दावा किया कि ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के दौरान राहुल ने 41 हजार की टी शर्ट पहनी है। बीजेपी ने अपने ट्वीट में टी शर्ट बनाने वाली कंपनी का प्राइस टैग भी दिखाया। इसके जवाब में कांग्रेस ने कहा कि यात्रा में उमड़े जनसैलाब से बीजेपी घबरा गई है। बोलना है तो बेरोजगारी और महंगाई पर बोलो। बाकी कपड़ों पर चर्चा करनी है तो मोदी जी के 10 लाख के सूट और डेढ़ लाख के चश्मे तक बात जाएगी।

बीजेपी ने विभिन्न राज्यों के प्रभारियों के नाम घोषित किए

बीजेपी ने विभिन्न राज्यों के प्रभारियों के नाम घोषित कर दिए हैं। खास बात यह है कि राज्यों से हटाए गए कुछ मुख्यमंत्रियों और केंद्र से हटाए गए मंत्रियों को संगठन की जिम्मेदारी दी गई है। विनोद तावड़े को बिहार, ओम माथुर को छत्तीसगढ़, बिप्लब कुमार देब को हरियाणा, लक्ष्मीकांत वाजपेयी को झारखंड, प्रकाश जावड़ेकर को केरल, राधामोहन अग्रवाल को लक्षद्वीप, विजय रूपाणी को पंजाब, तरुण चुघ को तेलंगाना, संबित पात्रा को पूर्वोत्तर का प्रभारी बनाया गया है।

19 सितंबर को होगा क्वीन एलिजाबेथ का अंतिम संस्कार

ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के निधन पर भारत सरकार ने 11 सितंबर को एक दिन के शोक की घोषणा की। क्वीन का अंतिम संस्कार 19 सितंबर को लंदन के वेस्टमिंस्टर ऐबे में किया जाएगा। अंतिम संस्कार से जुड़ी परंपराएं 12 दिन तक चलेंगी। अंतिम संस्कार से ठीक पहले क्वीन का पार्थिव शरीर 4 दिन तक वेस्टमिंस्टर हॉल में रखा जाएगा, ताकि आम लोग उन्हें श्रद्धांजलि दे सकें। आज लंदन के सेंट जेम्स पैलेस में किंग चार्ल्स को आधिकारिक तौर पर ब्रिटेन का नया सम्राट बनाया जाएगा।

सुपर चार के मुकाबले में पाकिस्तान को श्रीलंका ने हराया

एशिया कप के सुपर 4 के मुकाबले में शुक्रवार को श्रीलंका ने पाकिस्तान को 5 विकेट से हरा दिया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तानी टीम 20वें ओवर की पहली गेंद पर 121 रन बनाकर सिमट गई। श्रीलंका ने 17 ओवर में ही पांच विकेट खोकर यह टारगेट हासिल कर लिया। श्रीलंका की ओर से पाथुम निसांका ने अर्धशतकीय पारी खेली।
 

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Breaking News

Translate »
error: Content is protected !!
Coronavirus Update