25 साल पुराने सार्वजनिक खड़ंजे को उखाड़ा, तहसील दिवस में शिकायत पर प्रशासन सख्त — एफआईआर व पुनर्निर्माण के आदेश
भदोही।
ग्राम सभा बेदमनपुर, ब्लॉक भदोही, जनपद भदोही में लगभग 25 वर्षों से बने सार्वजनिक खड़ंजे को उखाड़े जाने का मामला सामने आते ही प्रशासन सक्रिय हो गया। ग्राम निवासी चुन्नीलाल द्वारा तहसील दिवस, भदोही में प्रस्तुत शिकायत पर मुख्य विकास अधिकारी ने गंभीरता से संज्ञान लेते हुए खंड विकास अधिकारी, भदोही श्री विनोद कुमार मौर्या को तत्काल जांच व कार्रवाई के निर्देश दिए।
निर्देश प्राप्त होते ही खंड विकास अधिकारी के आदेश पर भदोही ब्लॉक से पांच सदस्यीय अधिकारियों की टीम गठित कर मौके पर भेजी गई। टीम ने स्थलीय निरीक्षण कर मामले की विस्तृत जांच की तथा अपनी रिपोर्ट खंड विकास अधिकारी को सौंप दी।
जांच के उपरांत संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सार्वजनिक खड़ंजा उखाड़ने में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध विधिक कार्यवाही करते हुए एफआईआर दर्ज कराई जाए। साथ ही क्षतिग्रस्त रास्ते को तत्काल बहाल कर पुनः खड़ंजे का निर्माण सुनिश्चित कराया जाए, ताकि ग्रामीणों को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
खंड विकास अधिकारी श्री विनोद कुमार मौर्या ने कहा—“यह शिकायत सीधे हमारे कार्यालय में भी की जा सकती थी, जिस पर मैं स्वयं संज्ञान ले लेता। किसी भी स्थिति में सार्वजनिक मार्ग से छेड़छाड़ बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दोषियों पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।”
प्रशासन की त्वरित एवं सख्त कार्रवाई से शिकायतकर्ता चुन्नीलाल सहित ग्रामवासियों में संतोष व्याप्त है। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी सार्वजनिक संपत्तियों की सुरक्षा व जनसमस्याओं के निस्तारण में इसी प्रकार तत्परता बरती जाएगी।
मामले में अग्रिम विधिक एवं प्रशासनिक कार्रवाई प्रगति पर है।




