भाजपा को आदिवासी सीएम बर्दाश्त नहीं, सीएम सोरेन पर लटकी तलवार के बीच कांग्रेस का आरोप
बता दें, झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन खदान लीज मामले में घेरे में हैं। चुनाव आयोग ने उनके खिलाफ की गई शिकायत की जांच के बाद राज्यपाल को रिपोर्ट भेज दी है। माना जा रहा है कि आयोग ने सोरेन को अयोग्य करार देने की सिफारिश की है। अब गेंद राज्यपाल के पाले में हैं।
विस्तार-
झारखंड कांग्रेस ने सीएम हेमंत सोरेन का बचाव करते हुए भाजपा पर जमकर निशाना साधा है। कांग्रेस के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष बंधु तिर्की ने आरोप लगाया कि भाजपा को आदिवासी मुख्यमंत्री बर्दाश्त नहीं है। किसी भी आदिवासी सीएम को उसने कार्यकाल पूरा नहीं करने दिया। उन्होंने चुनाव आयोग द्वारा राज्यपाल को भेजी गई रिपोर्ट लीक होने पर भी सवाल उठाया।
तिर्की ने कहा कि वे (भाजपा) परेशान है, इसलिए पहले दिन से ही वह इस सरकार के खिलाफ साजिश कर रही है। जब भी कोई आदिवासी व्यक्ति झारखंड का सीएम बना तो उन्होंने उसे अपना कार्यकाल पूरा नहीं करने दिया|
कांग्रेस नेता ने कहा कि झारखंड की राजनीति अलग तरह की है। भाजपा यहां की राजनीति को प्रदूषित कर रही है। उन्होंने सवाल किया कि यदि चुनाव आयोग ने सीलबंद कवर में रिपोर्ट भेजी थी तो वह खोले जाने के पहले लीक कैसे हुई? झारखंड की गठबंधन सरकार के ताजा निर्णय का आदिवासी क्षेत्रों में भाजपा की राजनीति पर असर पड़ेगा।