शादी किसी भी इंसान के जीवन का सबसे खूबसूरत पल होता है। लेकिन लड़की का परिवार शादी को लेकर काफी परेशान रहता है, क्योंकि आज के समय में भी बारात के स्वागत के और लेनदेन के नाम पर लड़की के परिवार से दहेज लिया जाता है। यह लेनदेन लड़की के मन पर गहरा प्रभाव डालता है। भले ही यह कानूनी अपराध है लेकिन आज भी विवाह के दौरान रस्मों के नाम पर पैसों और महंगे सामानों का लेनदेन किया जाता है।
बहुत से लोग कहते हैं कि शादी में लेनदेन तो होता ही है इससे मान-सम्मान बना रहता है, साथ ही लड़की को शादी के बाद किसी भी तरह की परेशानी नहीं होती है। जबकि ऐसा नहीं होता है खुशहाल शादीशुदा जीवन की कोई भी गारंटी नहीं ले सकता है। आइए जानते हैं ऐसे समय में लड़की के मन में क्या चल रहा होता है।
भरोसा किसी भी रिश्ते की नींव होती है। भरोसे के बिना कोई भी रिश्ता लंबे समय तक के लिए नहीं चल सकता है। शादी के दौरान सामानों की लेनदेन से दुल्हन को लगता है कि उसके ससुराल वाले लालची है। हम सभी जानते हैं कि लालची इंसान पर कोई भी भरोसा नहीं करता है। ऐसा कहा जाता है कि लालची इंसान अपने फायदे के लिए किसी को भी धोखा दे सकता है वह भरोसे के काबिल नहीं होता है। हर कोई लालची लोगों से दूर रहना पसंद करते हैं।
गुस्सा पनपना
शादी में सामानों का लेनदेन प्राचीन समय से होता आया है। पहले के समय में माता पिता अपनी बेटी को अपनी मर्जी से सामान देते थे, लेकिन आज के समय में लेनदेन के नाम पर लड़के के माता-पिता महंगी कार और पैसों की मांग करने लगते हैं। आपने अक्सर टीवी और फिल्मों में देखा होगा कि ज्यादा मांग करने पर लड़की शादी से मना कर देती है लेकिन क्या वास्तविक जीवन में ऐसा हो पाता है। ऐसे में लड़की के माता-पिता न चाहते हुए भी पानी की तरह पैसा खर्च करते हैं। कोई भी बेटी अपने माता-पिता को परेशान नहीं देख सकती है। ऐसे में होने वाली दुल्हन के मन में ससुराल वालों के लिए गुस्सा पनपने लगता है। नए घर में बहू और सास-ससुर के बीच तालमेल न होने की वजह से क्लेश रहता है।
परिवार के लिए सम्मान खत्म होना
शादी के दौरान जब लड़के का परिवार होने वाली बहू के परिवार से महंगे सामान या फिर पैसों की मांग करते हैं, तो इससे लड़की के मन में होने वाले परिवार के लिए सम्मान खत्म हो जाता है। भले ही लड़की के माता-पिता शादी में सारी मांगे पूरी कर दें लेकिन इसके बाद भी लड़की के मन में ससुराल वालों के लिए सम्मान नहीं रहता है। ऐसे में कुछ पैसों और गिफ्ट के लालच की वजह से उनका रिश्ता जीवनभर के लिए बिगड़ सकता है।
ससुराल वालों को कुछ नहीं समझना
हर लड़की की चाहत होती है कि उसकी शादीशुदा जिंदगी खुशहाल रहे। लेकिन शादी के दौरान हुए लेनदेन से लड़की का मन बहुत आहत होता है। अपने माता-पिता को को महंगे गिफ्ट और शादी की तैयारियों में परेशान देख लड़की के मन से ससुराल वालों के लिए इज्जत खत्म हो जाती है। शादी के बाद जब लड़की नए घर में जाती है तो वह ससुराल वालों को कुछ नहीं समझती है। जिस वजह से नए रिश्ते में किचकिच शुरू हो जाती है।