महेवा गांव में अपना दल (एस) का जन चौपाल संपन्न, कार्यकर्ताओं ने लिया बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने का संकल्प

महेवा गांव में अपना दल (एस) का जन चौपाल संपन्न, कार्यकर्ताओं ने लिया बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने का संकल्प
जौनपुर (मड़ियाहूं)।
मड़ियाहूं विधानसभा क्षेत्र के महेवा गांव में शुक्रवार को अपना दल (एस) पार्टी द्वारा जन चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पार्टी के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों की भारी भागीदारी देखने को मिली। इस जन चौपाल के माध्यम से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और आगामी राजनीतिक रणनीतियों पर चर्चा की गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मड़ियाहूं विधायक डॉ. आर.के. पटेल रहे, जिन्होंने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि संगठन की मजबूती कार्यकर्ताओं की सक्रियता पर निर्भर करती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे अपना दल (एस) की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री बहन अनुप्रिया पटेल के विचारों और नीतियों को जन-जन तक पहुंचाएं।
डॉ. पटेल ने आगामी 17 अक्टूबर को डॉ. सोनेलाल पटेल की पुण्यतिथि पर मड़ियाहूं के रामलीला मैदान में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की और कहा कि यह अवसर हमें बहन अनुप्रिया पटेल से मार्गदर्शन प्राप्त करने का अवसर देगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष लालबहादुर पटेल ने की। उन्होंने बूथ अध्यक्षों को सक्रिय सदस्य बनाकर संगठन को मजबूत करने की शुरुआत की और कहा कि “कार्यकर्ता ही पार्टी की रीढ़ हैं। जब बूथ मजबूत होगा, तभी संगठन ताकतवर बनेगा।”
विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित जिला पंचायत सदस्य सुनीता वर्मा ने विशेष रूप से महिलाओं से पार्टी से जुड़ने का आग्रह करते हुए कहा कि अगर महिलाएं सक्रिय होंगी, तो आगामी पंचायत चुनावों में जीत और भी सशक्त होगी। उन्होंने महिला सशक्तिकरण और राजनीतिक भागीदारी को समय की आवश्यकता बताया।
कार्यक्रम का संचालन युवा मंच के जिलाध्यक्ष योगेंद्र पटेल ने किया और संयोजन की जिम्मेदारी सुनील पटेल (रिंकू) ने निभाई। कार्यक्रम के अंत में संयोजक ने सभी अतिथियों, कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों का आभार प्रकट किया।
इस अवसर पर जिला मीडिया प्रभारी चंद्रशेखर पटेल, पूर्व प्रधान प्रदीप पटेल, प्रधान संजय गौतम, प्रधान सुनील पटेल, प्रधान चंद्रशेखर पटेल, ऋषि जायसवाल, विनोद कुमार, आशीष पटेल, तेज बहादुर, विजय शंकर, रेखा देवी, रीता देवी, आरती पटेल, सीमा पटेल सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।
जन चौपाल का वातावरण पूर्णतः उत्साहपूर्ण और जोश से भरा रहा। सभी कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर पार्टी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का संकल्प लिया।