गांव की महिलाएं बोलीं – अब चुप नहीं बैठेंगी, खुद को और बेटियों को बनाएंगी जागरूक

गांव की महिलाएं बोलीं – अब चुप नहीं बैठेंगी, खुद को और बेटियों को बनाएंगी जागरूक
जौनपुर।
महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए मानव संसाधन एवं महिला विकास संस्थान और वेलस्पन फाउंडेशन फॉर हेल्थ एंड नॉलेज के संयुक्त तत्वावधान में बृहस्पतिवार को ग्राम पंचायत भदखिन (ब्लॉक – रामपुर) में महिलाओं और किशोरियों के लिए एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में यौन संचारित रोग (STI), प्रजनन पथ संक्रमण (RTI), एनीमिया, पोषण और माहवारी स्वच्छता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर लगभग 75 से 80 महिलाओं और किशोरियों को जानकारी दी गई।
कार्यक्रम की मुख्य वक्ता सामाजिक कार्यकर्ता पूजा भारती ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि “अगर गांव की महिलाएं और किशोरियां जागरूक हो जाएंगी, तो आने वाली पीढ़ी भी जागरूक होगी। महिलाओं को अब अपने मुद्दों पर खुलकर बोलना होगा।” उन्होंने बताया कि आज भी बहुत सी महिलाएं इन जरूरी विषयों पर बात करने में संकोच करती हैं, जिससे वे समय पर इलाज और सलाह से वंचित रह जाती हैं।
पूजा भारती ने यह भी जोर दिया कि जब गांव और जिला स्तर पर महिलाएं एनीमिया, पोषण व माहवारी स्वच्छता के बारे में जागरूक होंगी, तभी एक स्वस्थ समाज और देश का निर्माण संभव होगा।
आशा कार्यकर्ताओं और सखी समूह की रही अहम भूमिका
कार्यक्रम में गांव की आशा कार्यकर्ता, समूह सखी, प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर उमाशंकर और फील्ड फेसिलिटेटर पूजा भारती सहित कई स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर महिलाओं को न केवल जानकारी दी, बल्कि उन्हें प्रोत्साहित भी किया कि वे इन मुद्दों पर खुलकर बात करें और जरूरत पड़ने पर सही परामर्श लें।
प्रत्यक्ष सहभागिता से मिली हिम्मत
कार्यक्रम में हिस्सा लेने वाली कई किशोरियों और महिलाओं ने मंच पर अपने अनुभव भी साझा किए। उन्होंने माना कि ऐसे कार्यक्रम न सिर्फ जानकारी बढ़ाते हैं, बल्कि आत्मविश्वास भी देते हैं।
“पहले हम इन बातों को लेकर चुप रहते थे, लेकिन अब समझ में आया कि बात करना जरूरी है। ये जानकारी हमें आगे बढ़ने में मदद करेगी,” – एक किशोरी प्रतिभागी ने कहा।