डॉ. नीरज सोनी विशेष आमंत्रित प्रदेश कार्यसमिति सदस्य मनोनीत, संगठन में उत्साह का माहौल
रामपुर, जौनपुर |
ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन उत्तर प्रदेश की एक महत्वपूर्ण बैठक रामपुर (जौनपुर) में एसोसिएशन के कार्यालय पर सम्पन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता तहसील अध्यक्ष बृजराज चौरसिया ने की, जबकि संचालन महामंत्री जय सिंह ने किया। बैठक का मुख्य उद्देश्य खेतासराय निवासी वरिष्ठ पत्रकार डॉ. नीरज सोनी को संगठन की प्रदेश कार्यसमिति में विशेष आमंत्रित सदस्य बनाए जाने पर स्वागत एवं बधाई देना रहा।
बैठक को संबोधित करते हुए महामंत्री जय सिंह ने कहा, “डॉ. नीरज सोनी का मनोनयन संगठन के लिए गर्व का विषय है। उनकी पत्रकारिता के प्रति निष्ठा, समाज सेवा में योगदान और संगठन के प्रति समर्पण को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। उनके अनुभव और व्यवहार कुशलता से संगठन को प्रदेश स्तर पर मजबूती मिलेगी।”
वहीं प्रदेश महामंत्री अनिल सिंह ने अपने संबोधन में कहा, “डॉ. नीरज सोनी का संगठन के प्रति योगदान अनुकरणीय है। वे लंबे समय से पत्रकारिता के मूल्यों को निभाते हुए निष्पक्षता और निष्ठा से कार्य कर रहे हैं। प्रदेश कार्यसमिति में उनकी भूमिका से संगठन की नीतियों और योजनाओं को और अधिक गति मिलेगी। उनका मनोनयन आने वाले समय में संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा।”
तहसील अध्यक्ष बृजराज चौरसिया ने कहा कि डॉ. सोनी खेतासराय के मूल निवासी हैं और उनका पूरा परिवार वर्षों से पत्रकारिता व समाजसेवा से जुड़ा रहा है। प्रदेश नेतृत्व ने उनकी कार्यशैली और संगठन के प्रति समर्पण को देखते हुए यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है।
बैठक में उपस्थित संगठन के पदाधिकारियों ने सर्वसम्मति से डॉ. नीरज सोनी के मनोनयन का स्वागत करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। उपस्थित प्रमुख सदस्यों में उपाध्यक्ष गौरव मिश्रा, विनय कुमार श्रीवास्तव, जय प्रकाश मिश्रा, अरविंद मिश्रा, अर्चना मिश्रा, संतोष दुबे, निशांत सिंह, नवनीत सिंह, वेद प्रकाश शुक्ला, दीपक शुक्ला समेत अन्य वरिष्ठ पत्रकार व सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान संगठन विस्तार, पत्रकार हितों की रक्षा और आने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा पर भी चर्चा की गई।
डॉ. नीरज सोनी के मनोनयन से न केवल जौनपुर, बल्कि पूरे प्रदेश के पत्रकारों में उत्साह की लहर है। उनके अनुभव और मार्गदर्शन से संगठन को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
