अपहरण केस में रामपुर पुलिस की बड़ी सफलता
मिशन शक्ति अभियान के तहत किशोर आरोपी गिरफ्तार, न्यायालय को किया गया प्रेषित
रामपुर (जौनपुर), 29 अक्टूबर। पुलिस अधीक्षक जौनपुर के निर्देशन में अपराध और महिला सुरक्षा संबंधी मामलों पर प्रभावी नियंत्रण हेतु चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना रामपुर पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक कथित अपहरण प्रकरण में नामजद किशोर आरोपी उमेश चौ. को बुधवार की सुबह उसके घर पर दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया।
थाना पुलिस के अनुसार, आरोपी के विरुद्ध मु0अ0सं0 177/2025 में धारा 137(2), 87 भारतीय दंड संहिता (BNS) के तहत मुकदमा दर्ज है। यह केस एक युवती के कथित अपहरण से जुड़ा हुआ है। घटना के बाद से पुलिस उसकी लगातार तलाश में जुटी थी।
थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि आरोपी की उम्र 18 वर्ष से कम होने के कारण समस्त विधिक कार्रवाई किशोर न्याय अधिनियम के अंतर्गत की जा रही है। सभी आवश्यक दस्तावेज और प्रक्रिया पूर्ण करने के उपरांत किशोर को बाल न्यायालय भेजा जा रहा है।
पुलिस टीम में उपनिरीक्षक पंचरतन राम, हेड कांस्टेबल सीताराम बिन्द सहित थाना रामपुर पुलिस के अन्य कर्मी शामिल रहे।
पुलिस अधीक्षक जौनपुर द्वारा मिशन शक्ति अभियान के तहत जिले में महिला एवं बाल सुरक्षा पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इस कार्रवाई को पुलिस की महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है, जिससे अपराधियों में भय का संचार होगा और कानून व्यवस्था को और मजबूती मिलेगी।

