रामपुर पुलिस ने नये कानूनों पर चलाया जागरूकता अभियान, विद्यार्थियों व ग्रामीणों को दी जानकारी
रामपुर (जौनपुर)। थाना रामपुर पुलिस ने शुक्रवार को हृदय नारायण शिव मंगल एकेडमी, धनुहा में जागरूकता अभियान चलाकर नये लागू हुए तीन कानूनों — भारतीय न्याय संहिता (BNS), भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) और भारतीय साक्ष्य अधिनियम (BSA) — की जानकारी छात्रों व ग्रामीणों को दी।
थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार ने कार्यक्रम के दौरान कहा कि देश में अब अंग्रेजों के जमाने के पुराने IPC कानूनों को समाप्त कर नये कानून लागू किए गए हैं, जिनका उद्देश्य न्याय प्रणाली को अधिक पारदर्शी, सशक्त और त्वरित बनाना है। उन्होंने बताया कि नए कानूनों में कुछ अपराधों के लिए कठोर सजा के प्रावधान किए गए हैं, वहीं न्याय की लंबी प्रक्रिया को भी छोटा किया गया है।
निरीक्षक ने उदाहरण देते हुए बताया कि BNSS की धारा 172 के तहत यदि पुलिस किसी व्यक्ति को आदेश देती है, तो उसे हर हाल में पालन करना होगा, अन्यथा गिरफ्तारी हो सकती है। वहीं BSA में साक्ष्य संकलन को आधुनिक रूप से परिभाषित किया गया है — अब ऑडियो, वीडियो, व्हाट्सएप संदेश और अन्य इलेक्ट्रॉनिक माध्यमों से प्राप्त साक्ष्य भी वैध माने जाएंगे। यहां तक कि समन व नोटिस की इलेक्ट्रॉनिक माध्यम से तामील भी अब मान्य करार दी गई है।
उन्होंने बताया कि नए कानूनों में नागरिक और पुलिस, दोनों के अधिकार और कर्तव्यों को समान रूप से सशक्त किया गया है। पुलिस को मनमानी कार्रवाई से रोका गया है, वहीं नागरिकों को भी पुलिस के विधिक आदेशों की अवहेलना नहीं करने की हिदायत दी गई है।
इस अवसर पर उपनिरीक्षक बाबूराम बिंद, पुलिस बल के अन्य जवान, महिला पुलिस कर्मी, विद्यालय प्रबंधक विजय शंकर पांडेय तथा विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने भी नए कानूनों को लेकर कई प्रश्न पूछे, जिनका थाना प्रभारी ने सहज और विस्तारपूर्वक उत्तर दिया।


