जौनपुर: बारात आने से पहले दुल्हन प्रेमी संग फरार, बिना दुल्हन के लौट गई बारात
जौनपुर। जिले में एक अजीब-ओ-ग़रीब प्रेम प्रसंग का मामला सामने आया है, जिसने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। बक्शा थाना क्षेत्र के अलीगंज बाजार में उस समय हड़कंप मच गया, जब शादी की तैयारियों के बीच दुल्हन अचानक लापता हो गई। बारात आने में कुछ ही घंटे शेष थे, घर में रस्में चल रही थीं, सजावट पूरी थी, रिश्तेदारों की भीड़ लगी थी—लेकिन दुल्हन अपने कमरे से गायब थी।
दुल्हन प्रेमी संग हुई फरार
परिजनों के अनुसार जब दुल्हन अपने कमरे में नहीं मिली तो पहले तो सभी को लगा कि वह किसी तैयारी में होगी, लेकिन काफी खोजबीन के बाद यह बात सामने आई कि वह अपने प्रेमी के साथ भाग गई। दोनों के बीच काफी समय से प्रेम संबंध होने की चर्चा है। बताया जा रहा है कि लड़की और लड़का अलग-अलग जाति के हैं, जिसके कारण घरवाले इस रिश्ते के लिए तैयार नहीं थे।
बारात बिना दुल्हन के लौटी
शादी की तैयारियों, खर्चों और इंतज़ार के बीच अचानक घटी इस घटना से दोनों परिवार सकते में आ गए। कई घंटों की अफरा-तफरी के बाद जब यह स्पष्ट हो गया कि दुल्हन लौटने वाली नहीं है, तब मजबूरन बारात बिना दुल्हन के वापस लौट गई। यह खबर पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।
परिजनों में हाहाकार, सामाजिक चर्चा तेज
दुल्हन के इस कदम से उसके परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। नाते-रिश्तेदारों और आम लोगों में भी इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। पारिवारिक मर्यादा और सामाजिक प्रतिष्ठा पर गहरा आघात पड़ा है।
पुलिस में तहरीर, जांच शुरू
लड़की पक्ष की ओर से बक्शा थाने में लिखित तहरीर दी गई है।
थानाध्यक्ष विक्रम लक्ष्मण सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और तहरीर के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी।


