प्रतिबंधित चाइनीज माँझा की अवैध बिक्री पर चला अभियान
अधिशासी अधिकारी कुंवर गौरव सिंह की अगुवाई में कार्रवाई तेज
रिपोर्ट-दीपक शुक्ला
रामपुर (जौनपुर)। जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र के निर्देश पर प्रतिबंधित चाइनीज/नायलॉन माँझा की अवैध बिक्री और उपयोग पर रोक लगाने के लिए शुक्रवार को नगर प्रशासन और पुलिस विभाग ने संयुक्त रूप से विशेष अभियान चलाया। इस अभियान का नेतृत्व नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी कुंवर गौरव सिंह ने किया, जिनके साथ रामपुर प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार, उपनिरीक्षक छितेश्वर तिवारी तथा भारी पुलिस बल मौजूद रहा।
शुक्रवार की सुबह टीम ने पुरानी बाजार क्षेत्र में सघन निरीक्षण अभियान चलाया। दुकानों, अस्थायी ठेलों और आसपास के बाजार क्षेत्र में अधिकारियों ने प्रतिबंधित चाइनीज माँझा व पॉलिथिन की संभावित बिक्री की जांच की। अधिकारियों ने दुकानदारों को स्पष्ट चेतावनी दी कि प्रतिबंधित सामग्री की बिक्री पाए जाने पर उनके खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
अधिशासी अधिकारी कुंवर गौरव सिंह ने बताया कि जिलाधिकारी के आदेशानुसार यह अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि चाइनीज माँझा न सिर्फ कानूनन प्रतिबंधित है, बल्कि इससे लोगों की जान व सुरक्षा को भी गंभीर खतरा होता है। इसीलिए बाजारों में प्रशासनिक टीम लगातार निगरानी कर रही है, ताकि कोई भी व्यक्ति प्रतिबंधित माँझा या पॉलिथिन का व्यापार न कर सके।
उन्होंने लोगों से अपील की कि ऐसे खतरनाक माँझे का इस्तेमाल न करें और यदि कहीं इसकी बिक्री होती दिखे तो तत्काल प्रशासन को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
प्रशासन के इस अभियान से बाजार में हड़कंप की स्थिति रही, जबकि आम जनता ने इस कदम का स्वागत करते हुए कहा कि ऐसी कार्रवाई से दुर्घटनाओं में कमी आएगी और सुरक्षा सुनिश्चित होगी।


