गंधौना में चोरी की सूचना निकली भ्रामक, अधिकांश सामान घर में ही मिला
रामपुर, जौनपुर।
स्थानीय थाना क्षेत्र के गंधौना गांव में कथित चोरी की सूचना को लेकर फैली चर्चाओं पर पुलिस जांच के बाद स्थिति स्पष्ट हो गई है। प्रारंभिक रूप से जिस घटना को “भीषण चोरी” बताया जा रहा था, वह जांच में केवल चोरी के प्रयास तक सीमित पाई गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गंधौना गांव निवासी सरोज मिश्रा उर्फ गप्पू का घर लंबे समय से बंद था। बीती रात किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा घर में घुसने का प्रयास किए जाने की सूचना परिजनों को सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से मिली। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष रामपुर विनोद कुमार पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे और पूरे घर का गहन निरीक्षण किया।
पुलिस जांच में सामने आया कि जिन सामानों के चोरी होने की चर्चा की जा रही थी, उनमें शामिल पीतल की परातें, गैस सिलेंडर एवं अन्य घरेलू बर्तन घर में ही सुरक्षित पाए गए। केवल एक अंगूठी को लेकर संदेह जताया जा रहा है, जिसकी स्थिति की पुष्टि अभी नहीं हो सकी है।
इस संबंध में थानाध्यक्ष विनोद कुमार ने बताया,”यह चोरी नहीं बल्कि चोरी का प्रयास प्रतीत होता है। घर का अधिकांश सामान सुरक्षित है। मामले की जांच की जा रही है। लोगों से अपील है कि भ्रामक सूचनाओं पर ध्यान न दें।”
पुलिस के अनुसार घटना को बढ़ा-चढ़ाकर प्रस्तुत किया गया फिलहाल किसी बड़ी चोरी की पुष्टि नहीं हुई है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच जारी है।
पुलिस ने ग्रामीणों से अपील की है कि अफवाहों पर विश्वास न करें और किसी भी संदिग्ध सूचना की पुष्टि सीधे पुलिस से करें।
रिपोर्ट-निशांत सिंह


