NCC कैडेट आकाश कुमार प्रजापति का प्रशिक्षण के दौरान असामयिक निधन, गांव में शोक की लहर
रामपुर। थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत धनंजयपुर गोपालापुर निवासी NCC कैडेट आकाश कुमार प्रजापति (पुत्र संतोष कुमार प्रजापति) का प्रशिक्षण के दौरान असामयिक निधन हो गया। यह हृदयविदारक घटना बुधवार सुबह लगभग 5 बजे की बताई जा रही है। जैसे ही इस दुखद समाचार की जानकारी गांव पहुंची, पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार आकाश कुमार प्रजापति कोलकाता में रहकर पढ़ाई कर रहे थे। उनके पिता संतोष कुमार प्रजापति स्थानीय स्तर पर गैरेज में मैकेनिक का कार्य करते हैं। आकाश का चयन 26 जनवरी को दिल्ली में होने वाली गणतंत्र दिवस परेड के लिए हुआ था, जिसके लिए वह दिल्ली स्थित सेना के कैंपस में परेड का विशेष प्रशिक्षण ले रहे थे।

प्रशिक्षण के दौरान अचानक आकाश की तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें तत्काल सेना के अस्पताल में भर्ती कराया गया। बताया जा रहा है कि पिछले पांच दिनों से उनका इलाज सेना अस्पताल में चल रहा था, लेकिन तमाम चिकित्सकीय प्रयासों के बावजूद बुधवार सुबह उन्होंने अंतिम सांस ली। सेना प्रशासन द्वारा निधन की सूचना परिजनों को दी गई।

आकाश के निधन की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। माता-पिता, बहन सहित सभी परिजन गहरे सदमे में हैं। बताया गया कि आकाश अपने परिवार का इकलौता पुत्र था। उनकी बड़ी बहन संगीता की शादी मार्च महीने में निर्धारित थी, लेकिन इस दुखद घटना ने पूरे परिवार को तोड़ कर रख दिया है।
गांव निवासी अरशद अंसारी ने बताया कि सेना की बटालियन द्वारा आकाश का पार्थिव शरीर पूरे सैन्य सम्मान के साथ उनके पैतृक गांव धनंजयपुर गोपालपुर लाया गया। बुधवार सुबह लगभग 9 बजे जैसे ही पार्थिव शरीर गांव पहुंचा, पूरे गांव में मातम छा गया। इसके बाद सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया।

अंतिम संस्कार के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण, सामाजिक संगठन के लोग एवं क्षेत्रीय नागरिक मौजूद रहे। मौके पर रामपुर पुलिस के गोपालापुर चौकी प्रभारी मंहगू राम भी पुलिस बल के साथ उपस्थित रहे। इस दौरान ‘भारत माता की जय’, ‘आकाश अमर रहे’ जैसे नारों से गांव गूंज उठा और हर आंख नम हो गई।
आकाश कुमार प्रजापति की असमय मृत्यु से क्षेत्र में गहरा शोक व्याप्त है। ग्रामीणों, सामाजिक संगठनों और क्षेत्रीय लोगों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थनाएं कीं और शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। गांव अपने इस होनहार और देशसेवा के जज्बे से भरे वीर सपूत को नम आंखों से अंतिम विदाई देता नजर आया।


