बरसठी में दर्दनाक सड़क हादसा:
बोलेरो–बाइक की आमने-सामने टक्कर में युवक की मौत
बरसठी। थाना क्षेत्र के गहलाई गांव के पास रविवार की रात करीब 9 बजे हुए सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। तेज रफ्तार बोलेरो और बाइक की आमने-सामने टक्कर में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था। इलाज के लिए ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार खुंदनपुर गांव निवासी शेषनारायण पटेल का इकलौता पुत्र आनंद कुमार पटेल (25) किसी कार्य से मड़ियाहूं गया हुआ था। कार्य समाप्त कर वह रात में बाइक से घर लौट रहा था। गहलाई गांव के समीप विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घायल को मड़ियाहूं स्थित एक निजी चिकित्सालय ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बताया गया कि मृतक तीन बहनों का इकलौता भाई था। उसकी असमय मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है, वहीं गांव में शोक की लहर फैल गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा बोलेरो चालक की तलाश जारी है।


