पंचायत चुनाव की रणनीति पर मंथन, 100 नए सदस्य शामिल
जौनपुर। अपना दल (एस) की जिला इकाई मछलीशहर की मासिक बैठक विकास खंड बरसठी अंतर्गत ग्राम सभा मंगरा में रविवार को आयोजित की गई। बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए आगामी पंचायत चुनाव की तैयारियों और रणनीति पर गहन मंथन किया गया। पार्टी पदाधिकारियों ने बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने, जनसंपर्क अभियान तेज करने तथा अधिकृत प्रत्याशियों की विजय सुनिश्चित करने के लिए कार्ययोजना पर चर्चा की।

बैठक के दौरान जिला महासचिव नितेश पाठक के नेतृत्व में चलाए जा रहे सदस्यता अभियान को विशेष गति मिली। अभियान के तहत लगभग 100 नए लोगों ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। नए सदस्यों का स्वागत करते हुए जिला महासचिव ने कहा कि पार्टी की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुँचाना ही संगठन की प्राथमिकता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि पंचायत चुनाव में अधिकृत प्रत्याशियों को विजयी बनाने के लिए घर-घर संपर्क स्थापित करें और क्षेत्रीय मुद्दों को प्रमुखता से उठाएँ।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित अपना दल (एस) के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष माताबदल तिवारी ने संगठनात्मक एकजुटता पर बल देते हुए कहा कि पंचायत स्तर पर मजबूत पकड़ ही भविष्य की बड़ी राजनीतिक सफलता का आधार बनेगी। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को सुने और समाधान के लिए संघर्ष करें।
विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद मड़ियाहूं विधायक डॉ. आर.के. पटेल ने कहा कि पंचायत चुनाव ग्रामीण विकास की दिशा तय करने वाला महत्वपूर्ण चुनाव होता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से विकास योजनाओं की जानकारी जनता तक पहुँचाने तथा पात्र लोगों को लाभ दिलाने में सहयोग करने का आह्वान किया।
बैठक की अध्यक्षता लालबहादुर पटेल ने की। उन्होंने संगठन की मजबूती के लिए अनुशासन, सक्रियता और समर्पण को आवश्यक बताया।
इस अवसर पर अजीत पटेल, सुधारकर पटेल, अमित सिंह, प्रांजल दुबे, रिंकू यादव सहित पार्टी के कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में पंचायत चुनाव में बेहतर प्रदर्शन का संकल्प लेते हुए सदस्यता अभियान को और तेज करने का निर्णय लिया गया।


