सुल्तानपुर में डायल-112 सिपाही यौन शोषण के आरोप में गिरफ्तार, 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया
सुल्तानपुर। उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले में डायल-112 सेवा में तैनात एक सिपाही को यौन शोषण के आरोप में गिरफ्तार किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी सिपाही को अदालत में पेश किया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए विभागीय स्तर पर उसे तत्काल प्रभाव से निलंबित भी कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार बल्दीराय थाना क्षेत्र की एक महिला ने डायल-112 पीआरवी संख्या 5298 पर तैनात सिपाही आमिर फिरदौस पर यौन शोषण का आरोप लगाया था। महिला की शिकायत के आधार पर बल्दीराय थाने में अपराध संख्या 55/2026 के तहत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।
मुकदमा दर्ज होने के बाद सक्रिय हुई पुलिस टीम ने आरोपी सिपाही को गिरफ्तार कर लिया। गुरुवार को उसका सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बल्दीराय में मेडिकल परीक्षण कराया गया। इसके बाद आरोपी को एसीजेएम चतुर्थ भव्या श्रीवास्तव की अदालत में पेश किया गया, जहां से न्यायालय ने उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया।
पुलिस के अनुसार आरोपी सिपाही आमिर फिरदौस पुत्र फिरोज अहमद, जनपद चंदौली के भोरसड़ साहबगंज का निवासी है। क्षेत्राधिकारी (सीओ) बल्दीराय आशुतोष कुमार ने बताया कि जनसुनवाई के दौरान पीड़िता ने डायल-112 के आरक्षी द्वारा शोषण किए जाने संबंधी साक्ष्यों के साथ शिकायत प्रस्तुत की थी। शिकायत की गंभीरता को देखते हुए तत्काल मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की गई।
सीओ ने बताया कि आरोपी आरक्षी को निलंबित करते हुए विभागीय अनुशासनात्मक कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है और पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि प्रकरण की निष्पक्ष जांच की जा रही है तथा जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।


