होली व रमजान को लेकर पुलिस सतर्क, रामपुर कस्बे में निकाला गया फ्लैग मार्च
अफवाह फैलाने वालों पर रहेगी पुलिस की कड़ी नजर, शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील
जौनपुर। आगामी होली पर्व एवं पवित्र रमजान माह को सकुशल और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से रामपुर पुलिस एवं प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। इसी क्रम में सोमवार को रामपुर कस्बे में पुलिस अधिकारियों द्वारा से फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च के माध्यम से आमजन को सुरक्षा का भरोसा दिलाने के साथ ही शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने का संदेश दिया गया।

फ्लैग मार्च का नेतृत्व थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार ने किया। इस दौरान पुलिस बल कस्बे के प्रमुख मार्गों, नेशनल हाईवे, बाजार क्षेत्र होकर गुजरा। मार्च के दौरान पुलिस अधिकारियों ने दुकानदारों, व्यापारियों, स्थानीय नागरिकों तथा विभिन्न समुदायों के जिम्मेदार लोगों से संवाद कर त्योहारों को आपसी भाईचारे और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की।
थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बिगाड़ने या माहौल खराब करने की कोशिश करने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने, भ्रामक या आपत्तिजनक पोस्ट साझा करने वालों पर पुलिस की विशेष निगरानी रखी जा रही है और ऐसे लोगों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

रूट मार्च में शामिल पुलिसकर्मियों ने प्रमुख चौराहों और बाजारों में लोगों को सुरक्षा व्यवस्था के प्रति जागरूक किया तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की। पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से सहयोग की अपेक्षा करते हुए कहा कि सभी लोग मिल-जुलकर त्योहार मनाएं और शांति व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।
पुलिस प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि क्षेत्र में पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी, जिससे दोनों पर्व शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हो सकें।


