होली पर्व पर जौनपुर पुलिस का बड़ा फ्लैग मार्च, एसपी ग्रामीण आतिश कुमार सिंह के नेतृत्व में रामपुर क्षेत्र में शांति का संदेश
जौनपुर। होली पर्व के मद्देनज़र जिले में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट नजर आया। आज होली के अवसर पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण जौनपुर आतिश कुमार सिंह के नेतृत्व में रामपुर थाना क्षेत्र में भव्य फ्लैग मार्च निकालकर लोगों को शांति, सौहार्द और भाईचारे के साथ त्योहार मनाने का संदेश दिया गया।

फ्लैग मार्च में क्षेत्राधिकारी मड़ियाहूं परमानन्द कुशवाहा तथा रामपुर थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। दर्जनों पुलिस वाहनों का काफिला रामपुर थाना क्षेत्र के प्रमुख बाजारों, चौराहों और संवेदनशील स्थानों से होकर गुजरा।
इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि होली का त्योहार आपसी प्रेम, सद्भाव और शांति के साथ मनाएं। किसी भी प्रकार की अफवाहों या असामाजिक तत्वों की गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आतिश कुमार सिंह ने कहा कि होली पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। क्षेत्र में लगातार गश्त और निगरानी की जा रही है। त्योहार के दौरान कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस बल ने पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और आमजन को सुरक्षा का भरोसा दिलाया। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में सुरक्षा और विश्वास का माहौल देखने को मिला।


