पडरौना, कुशीनगर। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित उप-निरीक्षक (नागरिक पुलिस) सीधी भर्ती-2025 की परीक्षा को लेकर कुशीनगर जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर है। आगामी 14 और 15 मार्च को होने वाली इस परीक्षा को ‘नकलविहीन और शुचितापूर्ण’ ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी महेन्द्र सिंह तंवर और पुलिस अधीक्षक केशव कुमार ने विकास भवन सभागार में समीक्षा बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था का खाका तैयार किया है।
इन 5 केंद्रों पर तैनात रहेंगे ‘सुरक्षा के पहरेदार ?

जिले में कुल 5 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहाँ दो दिनों में चार पालियों में करीब 10 हजार अभ्यर्थी अपना भाग्य आजमाएंगे:
उदित नारायण पीजी कॉलेज, पडरौना
स्योबाई कमला देवी इंटरमीडिएट कॉलेज, पडरौना
किसान इंटरमीडिएट कॉलेज, साखोपार
बुद्ध पीजी कॉलेज, कुशीनगर (ब्लॉक-A)
बुद्ध पीजी कॉलेज, कुशीनगर (ब्लॉक-B)
हाईटेक जांच: फिंगरप्रिंट और रैटिना स्कैनिंग अनिवार्य
इस बार सेंधमारी रोकने के लिए तकनीक का सहारा लिया जा रहा है। परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पहले हर अभ्यर्थी का फिंगरप्रिंट और आंखों की रैटिना का मिलान किया जाएगा। साथ ही, HFMD मशीन से सघन इलेक्ट्रॉनिक जांच होगी, ताकि कोई भी गैजेट अंदर न जा सके।
अफवाहबाजों पर एलआईयू और सर्विलांस की नजर ?
एसपी केशव कुमार ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा की सुचिता से समझौता नहीं होगा। एलआईयू (LIU) और सर्विलांस टीम को सक्रिय कर दिया गया है। हर केंद्र पर सीओ, इंस्पेक्टर और मजिस्ट्रेट की तैनाती रहेगी। किसी भी आपात स्थिति के लिए कंट्रोल रूम भी बनाया गया है।
परीक्षा का समय:
प्रथम पाली: सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक।
द्वितीय पाली: दोपहर 03:00 बजे से शाम 05:00 बजे तक।
एसपी कुशीनगर का संदेश: सुरक्षा के साथ परीक्षा की शुचिता के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात है। अभ्यर्थियों की गहन जांच के बाद ही प्रवेश दिया जाएगा।


