लेखपाल व कानूनगो पर आरोप: विपक्षी से मिलकर जमीन को दूसरे ग्राम पंचायत में दिखाने का मामला
जौनपुर।
तहसील मड़ियाहू क्षेत्र के रामपुर थाना अंतर्गत ग्राम गोपालपुर निवासी शिकायतकर्ता वकील अहमद पुत्र स्वर्गीय दोस्त मोहम्मद ने स्थानीय राजस्व कर्मियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। वकील अहमद का कहना है कि उनके ग्राम सभा गोपालपुर के हल्का लेखपाल और कानूनगो ने विपक्षी पक्ष से मिलकर पैसा लेकर उनके जमीन को पड़ोसी ग्राम पंचायत शेखपुरा में दर्ज कर दिया है।
शिकायतकर्ता के अनुसार उनका जमीन गोपालपुर ग्राम सभा में स्थित है, लेकिन राजस्व अभिलेखों में उसे गलत तरीके से शेखपुरा ग्राम पंचायत में दर्शा दिया गया है। इससे उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उनका आरोप है कि यह सब जानबूझकर और विपक्षी पक्ष को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से किया गया है।
वकील अहमद ने इस मामले में कार्रवाई की मांग करते हुए कई उच्च अधिकारियों को शिकायत प्रेषित की है। उन्होंने मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश, जिलाधिकारी जौनपुर, अपर जिलाधिकारी जौनपुर, तहसीलदार मड़ियाहू तथा एसडीएम मड़ियाहू को लिखित शिकायत देकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी राजस्व कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
इसके अलावा शिकायतकर्ता ने आईजीआरएस पोर्टल के माध्यम से भी अपनी शिकायत दर्ज कराई है। उनका कहना है कि यदि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए तो सच्चाई सामने आ जाएगी।
वहीं इस संबंध में राजस्व विभाग के अधिकारियों का कहना है कि यदि शिकायत प्राप्त हुई है तो उसकी जांच कराई जाएगी और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




