झाड़फूंक के विवाद में सोखा की हत्या, सुजानगंज पुलिस ने 48 घंटे में किया खुलासा,
दो आरोपी गिरफ्तार, हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद
जौनपुर। सुजानगंज थाना क्षेत्र के ग्राम बाबूगंज (फत्तूपुर) में झाड़ी से मिले एक व्यक्ति के शव की गुत्थी को पुलिस ने मात्र 48 घंटे में सुलझा लिया। झाड़फूंक के विवाद में हुई इस हत्या का खुलासा करते हुए पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त चाकू (आलाकत्ल) भी बरामद हुआ है।
इस मामले का खुलासा अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) आतिश कुमार सिंह तथा क्षेत्राधिकारी बदलापुर के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष फूलचंद पाण्डेय की टीम ने किया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान त्रिवेणी पाठक पुत्र स्व. सोभनाथ पाठक निवासी ग्राम परसय (बेलवा बाजार), थाना मडियाहूं, जनपद जौनपुर तथा राजाराम पुत्र काशीनाथ निवासी कजाकपुर धोबीघाट, थाना आदमपुर, जनपद वाराणसी के रूप में हुई है। दोनों को 25 अक्तूबर 2025 को बेलवार पुल के पास से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में दोनों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि मृतक बसन्तू पाल उर्फ सोखा (52 वर्ष) निवासी हरीपुर, थाना करौंदी कला, जनपद सुल्तानपुर झाड़फूंक का काम करता था। अभियुक्तों में से एक की पत्नी को लंबे समय से संतान नहीं हो रही थी। इलाज के लिए उसने सोखा बसन्तू पाल से झाड़फूंक कराई थी। इलाज के नाम पर काफी धनराशि देने के बावजूद कोई परिणाम न मिलने पर जब आरोपियों ने पैसे की वापसी मांगी, तो दोनों पक्षों में विवाद हो गया।
इसी विवाद के चलते दोनों अभियुक्तों ने बसन्तू पाल की चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी और शव को गांव के पास झाड़ियों में फेंक दिया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घटना के मात्र दो दिन बाद ही केस का सफल अनावरण कर दिया।
गिरफ्तार अभियुक्त—
- त्रिवेणी पाठक पुत्र स्व. सोभनाथ पाठक, ग्राम परसय (बेलवा बाजार), थाना मडियाहूं, जनपद जौनपुर।
- राजाराम पुत्र काशीनाथ, ग्राम कजाकपुर धोबीघाट, थाना आदमपुर, जनपद वाराणसी।
बरामदगी: हत्या में प्रयुक्त चाकू (आलाकत्ल)


