सुजानगंज में बुजुर्ग का शव बरामद, नदी किनारे मिलने से फैली सनसनी
झाड़-फूंक के लिए घर से निकले थे, अगले दिन संदिग्ध हालात में मिला शव
जौनपुर। सुजानगंज थाना क्षेत्र के बाबूपुर फत्तूपर ग्राम पंचायत में शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब लोगों ने नदी किनारे एक बुजुर्ग का शव पड़ा देखा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त कराई। मृतक की पहचान सुल्तानपुर जिले के करौंदी कला थाना क्षेत्र के हरीपुर गांव निवासी 55 वर्षीय बसंतु पाल पुत्र बिहारी पाल के रूप में हुई है।
परिजनों ने बताया कि बसंतु पाल झाड़-फूंक का कार्य करते थे। गुरुवार की शाम वह इसी काम से सुजानगंज के लिए घर से निकले थे, लेकिन रातभर घर नहीं लौटे। शुक्रवार सुबह उनका शव नदी किनारे पड़ा मिला। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
थानाध्यक्ष सुजानगंज फूलचंद पांडेय ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। मृतक के पास से एक मोबाइल फोन, सौ रुपये नकद और कुछ कागजात बरामद हुए हैं। परिजनों की तहरीर पर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि प्रथम दृष्टया मौत का कारण स्पष्ट नहीं है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति साफ हो पाएगी। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

