Jaunpur News:मछुआरों की जाल में फंसी मिली विवाहिता की लाश:हत्या कर शव नदी में फेंके जाने की आशंका

मछुआरों की जाल में फंसी मिली विवाहिता की लाश:हत्या कर शव नदी में फेंके जाने की आशंका
जौनपुर।खुटहन थाना क्षेत्र के पिलकिछा श्मशान घाट के पास मछुआरों द्वारा मछली पकड़ने के लिए नदी में फेंकी गई जाल में सोमवार को एक महिला की लाश फंसी देख सनसनी फ़ैल गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया। उसके गले में काला दुपट्टा लपेटा हुआ था। गले की नशें उभर कर लाल हो गई थी। शव की हालत देख कयास लगाए जा रहे थे कि वह चौबीस घंटो से अधिक समय से पानी में रहा हो। अंदेशा है कि महिला की गला कसकर हत्या के बाद शव पानी में फेंक दिया गया है। घंटों प्रयास के बाद शव का शिनाख्त न हो पाने पर पुलिस उसे पीएम हेतु भेज दिया।
उक्त घाट पर मछुआरों ने रविवार की रात मछली पकड़ने के लिए नदी के आर – पार तक जाल फैलाया था। दूसरे दिन जब नाव से जाल उठाकर मछलियां निकाल रहे थे,तभी उनकी नज़र जाल में फंसी युवती के शव पर गयी। उसे देखते ही मछुआरे भयभीत होकर शोर मचाने लगे। घाट पर तमाम लोग जमा हो गए। पुलिस की मौजूदगी में शव बाहर निकाला गया। वह क्रीम कलर का सूट सलवार पहने हुए थी। गले में काला रंग का दुपट्टा लपेटा हुआ था। बाएं हाथ में गोदना गोदाया है। जिसमें माम डैड लिखा हुआ है। उसकी मांग में सिंदूर भरा हुआ था।थाना अध्यक्ष अरविंद सिंह ने बताया कि शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है। पोस्टमार्टम के बाद ही घटना का वास्तविक कारण स्पष्ट हो पायेगा।