मिलिट्री ट्रेनिंग के दौरान जवान का असामयिक निधन, गांव में शोक की लहर
रामपुर । थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत धनंजयपुर गोपालपुर निवासी सेना के प्रशिक्षणरत जवान आकाश कुमार प्रजापति (पुत्र संतोष कुमार प्रजापति) का मिलिट्री ट्रेनिंग के दौरान असामयिक निधन हो गया। यह दुखद घटना बुधवार की सुबह लगभग 5 बजे की बताई जा रही है। जवान के निधन की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया, वहीं पूरे गांव और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आकाश कुमार प्रजापति दिल्ली में सेना की ट्रेनिंग ले रहे थे। प्रशिक्षण के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई गई, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका। सेना प्रशासन द्वारा निधन की सूचना परिजनों को दी गई।
जैसे ही इस दुखद समाचार की जानकारी गांव पहुंची, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। माता-पिता, भाई-बहन सहित अन्य परिजन गहरे सदमे में हैं। गांव के लोग भी जवान की असमय मृत्यु से स्तब्ध हैं और शोक संवेदना व्यक्त कर रहे हैं।
गांव निवासी अरशद ने बताया कि सेना की बटालियन द्वारा जवान का पार्थिव शरीर जौनपुर लाया जा रहा है, जहां से कल सुबह लगभग 10 बजे उनके पैतृक गांव धनंजयपुर गोपालपुर पहुंचाया जाएगा। पार्थिव शरीर के गांव पहुंचने पर सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किए जाने की संभावना है।
युवा उम्र में देश सेवा के लिए चयनित हुए आकाश कुमार प्रजापति की मृत्यु से क्षेत्र में गहरा दुख व्याप्त है। ग्रामीणों, सामाजिक संगठनों और क्षेत्रीय लोगों द्वारा दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थनाएं की जा रही हैं तथा शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया जा रहा है।
देश सेवा का सपना लेकर सेना में प्रशिक्षण ले रहे जवान की इस असमय मृत्यु ने सभी की आंखें नम कर दी हैं। पूरा गांव अपने इस वीर सपूत को नम आंखों से अंतिम विदाई देने की तैयारी कर रहा है।


